स्वर्ण पदक दिलाने पर दस लाख का ईनाम
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : 59 साल बाद देश को एशियन जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप में ऐतिहासिक
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : 59 साल बाद देश को एशियन जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक दिलाने पर अल्मोड़ा के लक्ष्य सेन को भारतीय बैडमिंटन संघ ने दस लाख रुपये की राशि से सम्मानित किया है। लक्ष्य की इस उपलब्धि पर अल्मोड़ा के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
उत्तरांचल बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव बीएस मनकोटी ने बताया कि पिछले दिनों हुई इस प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक प्राप्त करने के बाद नई दिल्ली में भारतीय बैडमिंटन संघ की एक्जीक्यूटिव मीटिंग में संघ के अध्यक्ष हेमंता विस्वासरमा ने लक्ष्य सेन की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर सम्मान स्वरूप दस लाख रुपये का ईनाम दिया। उन्होंने बताया कि लक्ष्य के इंडोनेशिया में होने वाले टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए वहां रवाना होने के कारण यह चैक भारतीय बैडमिंटन संघ की उपाध्यक्ष डॉ. अलकनंदा अशोक को सौंपा गया। सेन को यह सम्मान मिलने पर उत्तराखंड बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष अशोक कुमार ने कहा है कि यह सम्मान युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देगा। सेन की उपलब्धि पर पूर्व विधायक मनोज तिवारी, प्रकाश जोशी, हेम जोशी, कमल गुप्ता, दीपक वर्मा, प्रशांत जोशी, गोकुल मेहता, हरीश भंडारी, अमरनाथ सिंह रजवार, चंद्रमणी भट्ट समेत अनेक खेल प्रेमियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।