वाराणसी के कपसेठी इलाके में फूफा के घर पहुंचा युवक और खुद को मार ली गोली, , डाक्टरों ने घोषित किया मृत
वाराणसी कपसेठी थाना क्षेत्र के हरिभानपुर गांव में अभिषेक सिंह नामक (32 वर्षीय) युवक फूफा के घर पहुंचा और बरामदे वाले कमरे बैठकर पिस्टल से खुद को गोली मार ली।
वाराणसी, जेएनएन। कपसेठी थाना क्षेत्र के हरिभानपुर गांव में शुक्रवार की देर शाम अभिषेक सिंह नामक (32 वर्षीय) युवक फूफा के घर पहुंचा और बरामदे वाले कमरे बैठकर पिस्टल से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर घर की महिलाएं बाहर निकलीं और शोर मचाने लगीं। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और युवक को मलदहिया स्थित एक अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे घोषित कर दिया।
चोलापुर थाना क्षेत्र के पवारेपुर, धरसौना के रहने वाले अभिषेक सिंह देर शाम करीब पौने आठ बजे हरिभानपुर गांव निवासी अपने फूफा अरविंद सिंह के यहां पहुंचा। उस समय घर पर कोई पुरुष नहीं था, सभी जौनपुर गए थे। घर में सिर्फ महिलाएं थी। वह अपनी बाइक खड़ा करने के बाद बरामदे के कमरे में गया, जहां आठ वर्ष के बच्चे से बातचीत की और पानी मंगाया। बच्चा घर में पानी लेने चला गया। इसी बीच युवक ने पिस्टल निकाल कर अपने कनपटी पर गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर घर की महिलाएं मौके पर पहुंची तो वह कुर्सी से नीचे गिरा हुआ था। महिलाओं ने शोर मचाया तो आस-पास के लोग दौड़ पड़े। उसे लेकर तत्काल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक का पिस्टल मौके पर पड़ा था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और पिस्टल कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी।
मंझला भाई भी कर चुका है आत्महत्या
मृतक अभिषेक सिंह बचपन से ही कालिका धाम (कपसेठी) स्थित अपने फूफा अरविंद सिंह के घर रहता था। करीब दो वर्ष पूर्व से अपने धरसौना स्थित पैतृक गांव में मकान बनवा कर रह रहा था। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। बड़ा भाई संतोष सिंह लगभग 20 वर्ष पूर्व घर से अचानक लापता हो गया, जिसका आज तक पता नहीं चल सका। वहीं, मंझला भाई सतीश सिंह करीब आठ वर्ष पूर्व विषाक्त पदार्थ खाकर आत्महत्या कर चुका है। मृतक के दो वर्षीय पुत्र व चार वर्षीय पुत्री है। घटना से पत्नी मधु व पिता राजेंद्र सिंह समेत परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक अभिषेक सिंह अपने बुआ द्वारा गोद ले लिया गया था।