पीएम के गोद लिए गांव नागेपुर में किशोरियों को आत्मसुरक्षा का मिलेगा मंत्र
वाराणसी (मिर्जामुराद) : किशोरियों को आत्मनिर्भर व आत्म सुरक्षा के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से इन
वाराणसी (मिर्जामुराद) : किशोरियों को आत्मनिर्भर व आत्म सुरक्षा के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से इन गर्मियों में विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिससे उनमें आत्मसम्मान और मनोबल का भी विकास करने का प्रयास संस्था की ओर किया जाएगा। संस्था लोक समिति और आशा ट्रस्ट के तत्वाधान में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम नागेपुर में किशोरियों को स्वावलम्बी और आत्मनिर्भर बनाने के लिए समर कैम्प मंगलवार 15 मई से प्रारम्भ किया गया है। समर कैम्प लोक समिति आश्रम नागेपुर में प्रतिदिन सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक चलेगा। जिसमें लड़कियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिये स्वरोजगार के विभिन्न कोर्स भी कराये जायेंगे ताकि वह स्वावलंबी भी बन सकें।
मंगलवार को इस कार्यक्रम का शुभारंभ समर कैम्प की प्रशिक्षक पूनम, पूजा, परमतोष विश्वकर्मा, ओम प्रकाश और मुहिम संस्था की स्वाती सिंह ने दीप प्रज्वल्लन कर प्रारंभ किया। वहीं इस कार्यक्रम का संचालन सरिता ने किया। इस दौरान लोक समिति के संयोजक नन्दलाल मास्टर ने बताया कि समर कैम्प में लड़कियों को नि:शुल्क कम्प्यूटर, ब्यूटीशियन, अचार-मुरब्बा व पापड़ बनाने,हैण्डीक्राफ्ट, संगीत, डान्स, ज्वैलरी जैसे रोजगार परक कोर्स की ट्रेनिंग दी जायेगी।
इसके अलावा लड़कियों को आत्मरक्षा के लिए मार्शल आर्ट सिखाया जायेगा। समर कैम्प 15 जून तक चलेगा, जिसमें किशोरियों को उनके अधिकार-कानून की भी ट्रेनिंग दी जायेगी। कार्यक्रम के अंत में भाग लेने वाली लड़कियों को प्रमाण पत्र भी दिया जायेगा। समर कैंप में नागेपुर के अलावा आसपास के गांवों की करीब सौ लड़कियां अलग-अलग कार्यक्रमों में भाग लेगी। इच्छुक लड़कियों का रजिस्ट्रेशन लोक समिति आश्रम में प्रारम्भ हो गया है। कार्यक्रम में अनीता, पंचमुखी, मधुबाला और श्यामसुंदर मास्टर मौजूद रहे।