ससुराल में विवाद के बाद एक दिसंबर को पहुंची थी सुनीता, छह दिसंबर को पंखे से लटकती मिली लाश
कोतवाली क्षेत्र के सेमरा गांव में शुक्रवार की सुबह विवाहिता सुनीता देवी (26) की संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत से कोहराम मच गया।
चंदौली, जेएनएन। कोतवाली क्षेत्र के सेमरा गांव में शुक्रवार की सुबह विवाहिता सुनीता देवी (26) की संदिग्ध परिस्थिति में हुई मौत से कोहराम मच गया। विवाहिता का शव अपने कमरे के बगल वाले कमरे में पंखे के सहारे साड़ी से लटकता मिला। हालांकि विवाहिता के पिता पेंबर साव ने बेटी की हत्या की ससुरालियों द्वारा किए जाने की आशंका जताई है। सूचना पर चौकी प्रभारी जलीलपुर संजय सिंह सहित सीओ सदर त्रिपुरारी पाण्डेय दलबल संग मौके पर पहुंच गए और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीएम के लिए भेजी।
परिजनों के अनुसार सुनीता की शादी लगभग आठ वर्ष पूर्व आशीष से हुई थी। दोनों से दो बच्चे आरुषि (6) तथा हरीओम गुप्ता (3) हैं। चार माह पूर्व ससुराल में किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद सुनीता अपने मायके बलुआ थाना क्षेत्र के सेवड़ी मड़ई, हुदहुदीपुर चली गई थी। बीते दिनों एक दिसंबर को ससुराल पहुंची थी। शुक्रवार को महिला द्वारा फांसी लगाकर जान देने को लेकर लोगों के मन में भी तरह तरह के सवाल खड़े हो गए हैं।विवाहिता के परिजनों के अनुसार अक्सर ससुराल पक्ष के लोग सुनीता को प्रताड़ित करते थे। पुलिस ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का स्पष्ट कारण पता चलेगा। मृतक सुनीता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दोपहर बाद आरोपित पति आशीष, सास मुन्नी देवी और ससुर सत्यनारायण को हिरासत में ले लिया है।