शराबी पति से नाराज पत्नी ने जहर खाकर दी जान, आरोपी की नहीं हो सकी गिरफ्तारी
जौनपुर में स्थानीय जफराबाद थाना क्षेत्र के मिसिरपुर गाव में पति से आजिज पत्नी ने जहर खाकर जान दे दी।
जौनपुर (जफराबाद) : स्थानीय जफराबाद थाना क्षेत्र के मिसिरपुर गाव में गुरुवार की शाम को पति की हरकतों से दुखी होकर पत्नी ने जहर खा लिया। जानकारी होने पर उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। यहां स्थिति में सुधार न होने व गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल से वाराणसी इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। जहां गुरुवार की देर शाम उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
वहीं इस मामले की जानकारी होने पर मायके के लोग भी मौके पर पहुंच गए। मृतका के पिता ने पति के खिलाफ आरोप लगाते हुए तहरीर दिया है। इस मामले में पुलिस मौके पर पहुंच कर कार्रवाई कर रही है। जानकारी के अनुसार मिसिरपुर गाव निवासी सुनीता देवी 40 पति संतोष कुमार गुरुवार को पति से क्षुब्ध होकर जहर खा लिया। जिससे उसकी मौत हो गई। सुनीता के पिता रामचंद्र निवासी किरतापुर थाना जफराबाद ने तहरीर देते हुए आरोप लगाया है कि सुनीता का पति संतोष शराबी व जुआरी था। आए दिन शराब पीकर सुनीता को मारता पीटता था। जिससे सुनीता ने जहर खा लिया। मामले में थानाध्यक्ष पर्व कुमार सिंह ने बताया सुनीता के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सुनीता के पिता की तहरीर के आधार पर पति के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद रिपोर्ट के आधार पर मामले में अन्य संबंधित धाराओं को सम्मिलित किया जाएगा। हलाकि अभी पिता की तहरीर के आधार पर पति को मुलजिम करार कर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। संतोष की गिरफ्तारी अभी तक नहीं हो पाई है।