पारिवारिक विवाद में महिला ने आग लगाकर दी जान, दहेज के लिए प्रताड़ना का आरोप
सेवापुरी में कपसेठी थाना के गहरपुर गांव निवासी आरती देवी (23) ने रविवार को देर रात मिट्टी का तेल शरीर पर डाल कर आत्महत्या कर ली।
वाराणसी, जेएनएन। सेवापुरी में कपसेठी थाना के गहरपुर गांव निवासी आरती देवी (23) ने रविवार को देर रात मिट्टी का तेल शरीर पर डाल कर आत्महत्या कर ली। परिजनों के अनुसार आरती देवी ने अपना कमरा बंद करने के बाद मिट्टी तेल शरीर पर उडेल कर खुद को आग लगा लिया। जब कमरे से धुआं निकलने लगा तो बगल के कमरे में सो रही सास की नींद खुल गयी। शोर मचाया तो आसपास के लोग पहुंचे और दरवाजा तोडकर महिला को बाहर निकाला, उसे लेकर सभी अस्पताल जा ही रहे थे कि उसने दम तोड दिया।
महिला का मायका जंसा थाना के तेन्दुई गांव में है। दो वर्ष पूर्व ही उसकी शादी हुयी थी। उसका पति अभिनन्दन राम मुम्बई में रहकर नौकरी करता है, इस समय वह घर पर आया है। वहीं ससुर लालमन राम राजमिस्त्री का काम करता है। वह आधी रात बाद घर पर पहुंचा। जबकि पति कही गया हुआ था। मौके पर पहुंचे मायके वालों का आरोप है कि बाइक व सोने की चेन के लिए सभी हमेशा प्रताड़ित करते थे। सामान नही मिलने पर आरती को जला कर हत्या कर दिये है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। इस मामले में पति समेत सास, ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है|