मऊ में लॉकडाउन खत्म होने के बाद पति संग दोबारा गुजरात जाने की जिद में महिला ने बेटी संग की आत्महत्या
मऊ जिले में लॉकडाउन खत्म होने के बाद अपने पति संग दोबारा गुजरात जाने की जिद में महिला ने बेटी संग सुबह आत्महत्या कर ली।
मऊ, जेएनएन। रोजी-रोटी के सिलसिले में पति को गुजरात जाना था, शुक्रवार को ही टिकट था। पत्नी भी पति के साथ अपनी ढाई वर्षीय बच्ची को लेकर जाना चाहती थी। पति का कहना है कि उसने लॉकडाउन की दिक्कतों की वजह से उसे ले जाने से मना किया तो इसी बात पर विवाद हुआ। इसके बाद 28 वर्षीया पत्नी ने अपनी ढाई वर्षीय मासूम बेटी के साथ कमरे के अंदर जाकर फांसी लगा ली और अपने साथ ही मासूम की भी इहलीला समाप्त कर दिया। प्रधान की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। उधर खबर पाकर मायके से पहुंचे पिता ने पति व सास, ससुर पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी, इसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। घटना मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मालव की है।
मालव गांव निवासी युधिष्ठिर गुजरात में मजदूरी कर जीविकोपार्जन करता था। लॉकडाउन की वजह से वह गांव आ गया था। उसका कहना है कि शुक्रवार को उसे पुन: वापस जाना था। टिकट बन गया था। गुरुवार से ही पत्नी ने भी साथ जाने की जिद पकड़ ली थी। उसने कहा कि लॉकडाउन की वजह से काफी दिक्कत होगी।वह उसे बाद में ले जाएगा। इसी बात पर वह नाराज हो गई, झगड़ा भी किया। शुक्रवार सुबह जब युधिष्ठिर उठकर शौच के लिए बाहर गया, उसी समय विवाहिता ने अपनी मासूम बच्ची के साथ फांसी लगा लिया। इससे दोनों की मौत हो गई। युधिष्ठिर जब शौच करके लौटा तो यह दृश्य देखकर चिल्लाने लगा। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्राम प्रधान ने इसकी सूचना पुलिस को दिया। मौके पर तहसीलदार संजीव कुमार यादव, पुलिस उपाधीक्षक नंदलाल, कोतवाली प्रभारी नीरज कुमार पाठक, कस्बा चौकी प्रभारी हरिमोहन केसरवानी आदि पहुंच गए। पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। सूचना पाकर कुछ देर बाद घोसी कोतवाली क्षेत्र के सरया गांव से विवाहिता के पिता भी आ पहुंचे। उन्होंने ससुराल वालों पर बेटी और नतिनी की दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी। इस पर पुलिस ने पति, सास व ससुर को गिरफ्तार कर लिया।