आगे भी खराब रहेगा मौसम, हल्की बूंदाबादी से गर्मी से मिली राहत लेकिन किसानों की बढ़ी चिंता
मौसम ने गुरुवार की रात अचानक करवट बदली। आसमान में बादलों ने अपना डेरा शुक्रवार को दोपहर में भी हल्की बारिश हुई। बदली के चलते लोगों को तेज धूप व तपन से निजात मिल गई। हालांकि आर्द्रता बढ़ने से उमस का आलम रहा।
चंदौली, जेएनएन। मौसम ने गुरुवार की रात अचानक करवट बदली। आसमान में बादलों ने अपना डेरा जमा लिया। वहीं तेज हवा चलने लगी। शुक्रवार को भी बादल छाए रहे। वहीं हल्की बूंदाबादी हुई। इससे लोगों को गर्मी से कुछ हद तक निजात मिल गई, लेकिन किसानों की चिंता बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम ऐसा ही रहेगा। ऐसे में किसानों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
मौसम कई दिन से सामान्य था। दिन में तेज धूप व लू के थपेड़े लोगों को झुलसा रहे थे। गुरुवार की रात मौसम में अचानक परिवर्तन हुआ। तेज हवा चलने के साथ ही आसमान बादलों में ढक गया। रात के वक्त जिले के नौगढ़ समेत कई इलाकों में हल्की बूंदाबादी हुई। वहीं शुक्रवार को दोपहर में भी हल्की बारिश हुई। बदली के चलते लोगों को तेज धूप व तपन से निजात मिल गई। हालांकि आर्द्रता बढ़ने से उमस का आलम रहा। बूंदाबादी ने किसानों की चिंताएं बढ़ा दी है। किसानों ने गेहूं की फसल की कटाई और मड़ाई तो कर ली है लेकिन अनाज अभी भी खलिहानों में पड़ा हुआ है।
अन्नदाता क्रय केंद्रों पर नंबर लगाकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में यदि तेज बारिश हुई तो अनाज भींगकर नष्ट हो जाएगा। इससे उनकी उम्मीदों पर पानी फिर जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम का हाल कुछ ऐसा ही रहेगा। मौसम विज्ञानी कृष्णमुरारी पांडेय ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग से प्राप्त पूर्वानुमान के आंकड़ों के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश की संभावना है। आसमान में बादल छाए रहेंगे। वहीं हल्की बारिश भी हो सकती है। औसत अधिकतम तापमान 38.0 से 40.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.0 से 25.0 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा। आर्द्रता 53 से 92 फीसद के मध्य रहेगी। पूरब और दक्षिणी दिशा की ओर मध्यम गति से हवा चलेगी।