वाराणसी का मौसम रिपोर्ट : फिर आने लगे बादल, पश्चिमी विक्षोभ गुरुवार से करा सकता है बारिश
सोमवार की रात से ही छाया कोहरा मंगलवार सुबह तक छाया रहा। हालांकि नौ बजते-बजते सूर्य की किरणें फैलने लगीं फिर भी कोहरे की धुंध और वातावरण में गलन का प्रभाव कायम रहा। हाल यह कि सुबह के 10 बजे तक पारा 14 डिग्री सेल्सियस पर ही अटका रहा
वाराणसी, जागरण संवाददाता। सोमवार की रात से ही छाया कोहरा मंगलवार सुबह तक छाया रहा। हालांकि नौ बजते-बजते सूर्य की किरणें फैलने लगीं, फिर भी कोहरे की धुंध और वातावरण में गलन का प्रभाव कायम रहा। हाल यह कि सुबह के 10 बजे तक पारा 14 डिग्री सेल्सियस पर ही अटका रहा। बाद में दिन में तापमान बढ़ा और यह अधिकतम 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। बुधवार सुबह तापमान कम ही रहा। मंगलवार को न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट के साथ 7.00 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इस दौरान 9.5 किमी प्रति घंटा की रफ्तार के वेग से चल रही हवा लोगों को कंपकंपाती रही। इधर पश्चिमी विक्षोभ के 24 घंटे पूर्व पहुंचने की उम्मीद के चलते गुरुवार से मौसम फिर खराब हो सकता है। बारिश का सिलसिला शुरू होने की उम्मीद है।
पिछले सप्ताह हुई बारिश के बाद बिगड़े मौसम की हालत में अभी तक सुधार के लक्षण नहीं दिख रहे। आसमान में बादलों की आंशिक उपस्थिति अभी भी बनी हुई है तो पश्चिमोत्तर दिशा से आ रही हवाएं मौसम में व्याप्त आर्द्रता से मिलकर धुंध और गलन का वातावरण बनाए हुए हैं। पड़ रही भीषण ठंड के चलते जनजीवन प्रभावित हो चला है। फिलहाल मौसम में 97 फीसद तक आर्द्रता बनी हुई है तो रुक-रुक कर 9.5 किमी/ घंटा के वेग से पश्चिमोत्तर दिशा से चल रही बर्फीली हवाओं ने मौसम को कठुआ रखा है।
24 घंटे पहले आ सकता है तीव्र कोल्ड फ्रंट
अपनी तेज गति के चलते सात जनवरी तक यहां पहुंचने वाले तीव्र कोल्ड फ्रंट के 24 घंटा पहले ही पहुंचने की उम्मीद है। मौसम विज्ञानी प्रो. एसएन पांडेय बताते हैं कि पहले चार जनवरी तक पश्चिमी विक्षोभ के जम्मू-कश्मीर पहुंचने का अंदाजा था लेकिन अपनी तेज गति के कारण वह 24 घंटे पहले यानी तीन जनवरी को ही वहां पहुंच गया है। इस तरह छह जनवरी को ही पूर्वी उत्तर प्रदेश में दस्तक दे सकता है। मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि यह पश्चिमी विक्षोभ अपने साथ भारी वर्षा, तूफान व तेज ठंड लेकर आएगा।