ठंड ने लोगों को कंपाया, कोहरे का साया पूर्वांचल तक छाया, जानिए कैसा रहेगा आने वाले सप्ताह का मौसम
पूर्वांचल तक कोहरे का साया अब छाया हुआ है एक दिन पूर्व से ही धीरे धीरे अब कोहरा सघन होने लगा है। शुक्रवार को भी सुबह आसमान में सूरज की लालिमा मात्र ही नजर आ रही थी।
वाराणसी, जेएनएन। पूर्वांचल तक कोहरे का साया अब छाया हुआ है, एक दिन पूर्व से ही धीरे धीरे अब कोहरा सघन होने लगा है। शुक्रवार को भी सुबह आसमान में सूरज की लालिमा मात्र ही नजर आ रही थी। चारों ओर धुंध और कोहरा का रूप नजर आने से तड़के वाहन चालक फॉग लैंप के सहारे रेंगते नजर आए हालांकि दिन चढ़ते ही कोहरे का असर कम हुआ तो सूरज की किरणों ने भी राहत दी। हालांकि सूरज की किरणों में तेज न होने से ठंड का असर भी रहा और लोग गर्म कपड़ों में सिकुडे़ नजर आए।
बीते कई दिनों के बाद आसमान में बादलों से छुटकारा मिला तो अब धुंध का साया बढ़ गया है। यही कारण है कि गुरुवार की सुबह से लेकर अासमान में बदली सरीखा कोहरे का नजारा दो दिन से नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने भी दो दिनों तक लगातार कोहरे की भविष्यवाणी जारी कर पूर्वांचल में गुलाबी ठंड की विदायी का इशारा कर दिया है। वैसे बीते कई दिनों से आसमान में बादल छाए हुए थे। इसके कारण मौसम एक बार फिर पूर्वांचल में दुश्वारी की ओर बढ़ गया था। मौसम विभाग की ओर से जारी सैटेलाइट तस्वीरों में पूर्वांचल में बादलों की सक्रियता शून्य है।
बीते दिनों से ही सतह से 900 मीटर तक पुरुवा व ऊपर पछुआ हवा चल रही थी। बुधवार को सतह पर भी पछुआ हवा का जोर हो गया। इसके कारण बादल छंट गए। प्रसिद्ध मौसम विज्ञानी प्रो. एसएन पांडेय ने बताया कि धुंध का असर अभी कुछ और बना रहेगा। वैसे आसमान में अब बादल नहीं हैं, कोहरे का बनना भी पूर्वांचल में शुरू हो चुका है। बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 29.8 दर्ज किया गया जो सामान्य रहा वहीं न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक था। वहीं अधिकतम आर्द्रता 89 व न्यूनतम आर्द्रता 77 प्रतिशत रही।