पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम मेहरबान तो ठंड बन गई मेहमान, जानिए सप्ताह भर तक के मौसम का हाल
मौसम का रुख इन दिनों सामान्य चल रहा है इस वजह से सर्दी भी अपनी सामान्य गति से आगे बढ़ रही है।
वाराणसी, जेएनएन। मौसम का रुख इन दिनों सामान्य चल रहा है, इस वजह से सर्दी भी अपनी सामान्य गति से आगे बढ़ रही है। रविवार को भी मौसम का रुख अमूमन ऐसा ही रहा। सुबह ठंडी हवाओं का जोर रहा और ठंडी हवाओं ने लोगों को सिहराया भी। हालांकि सुबह सात बजे तक धूप खिलने के साथ ही ठंडी का असर भी जाता रहा। हालांकि ठंडक के अहसास से लोग गर्म कपडाें में लिपटे नजर आए। मौसम विभाग की ओर से जारी सप्ताह भर की अपेक्षित रिपोर्ट में भी पूर्वांचल में इस सप्ताह बादलों या कोहरे की स्थिति नहीं है।
वहीं मौसम विज्ञानियों के अनुसार पश्चिम से चलने वाली हवाओं के आगमन का दौर शुरू हो चुका है। पहाड़ों पर लगातार रह रहकर बारिश और बर्फबारी हो रही है। इसका पूरी तरह असर तभी पूर्वांचल की ओर होगा जब हवा का रुख अपने सामान्य स्थिति में होगा। हालांकि ताममान में गिरावट भी पश्चिमी हवाओं की वजह से ही है। आने वाले सप्ताह तक इन्हीं वजहों से पारा और गिरेगा। जबकि दिसंबर माह की शुरुआत के साथ ही पारा दस डिग्री से कम होने लगेगा। वहीं शीत और कोहरे का दौर भी सप्ताह भर बाद देखने को मिल सकता है जो फरवरी माह के मध्य तक जारी रहेगा।
बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम पारा 14 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा। इस लिहाज से पूर्वांचल में अधिकतम और न्यूनतम पारा दोनों ही सामान्य से एक डिग्री कम हैं। वहीं इस दौरान आर्द्रता अधिकतम 81 और न्यूनतम 69 फीसद दर्ज किया गया। मौसम विभाग की ओर से जारी सैटेलाइट तस्वीरों में पूर्वांचल में बादलों और कोहरे की माैजूदगी नहीं है। हालांकि आने वाले दिनाें में पूर्वांचल तक पश्चिमी हवाओं के असर से कोहरा बनने लगेगा।