Fog in Poorvanchal : पूर्वांचल में कोहरे ने दी दस्तक, मौसम विभाग का अधिक ठंड का अलर्ट
अक्टूबर के दूसरे पखवारे में मौसम साफ है। सुबह से धूप खिल रही लेकिन तल्खी गायब है। इससे सुबह के वक्त हल्की ठंड का अहसास होने लगा है। मौसम विभाग ने इस बार अधिक ठंड का अलर्ट जारी किया है।
चंदौली, जेएनएन। अक्टूबर के दूसरे पखवारे में मौसम साफ है। धान के कटोरे में भोर में कोहरा दस्तक दे रहा है। सुबह से धूप खिल रही, लेकिन तल्खी गायब है। इससे सुबह के वक्त हल्की ठंड का अहसास होने लगा है। मौसम विभाग ने इस बार अधिक ठंड का अलर्ट जारी किया है। नवंबर से मार्च माह तक ठंड का दौर जारी रहेगा। तापमान गिरने से जनजीवन के साथ ही फसलों पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
धान के कटोरे में इस समय दिन व शाम के वक्त मौसम सामान्य है। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेंटीग्रेड और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेंटीग्रेड तक है। भोर में तापमान करीब चार डिग्री सेंटीग्रेड तक नीचे खिसक जा रहा है। सुबह कोहरे की दस्तक हो रही है। इससे लोगों को हल्की ठंड का अहसास हो रहा है। लेकिन अक्टूबर के अंत तक ऐसी ही स्थिति रहेगी। सुबह व शाम के वक्त लोगों को ठंड का अहसास होगा। लेकिन नवंबर माह से तापमान में दिनोंदिन गिरावट शुरू हो जाएगी। दिसंबर व जनवरी माह में पारा अपने न्यूनतम स्तर पर पहुंच जाएगा। फरवरी और मार्च तक ठंड का दौरा जारी रहेगा। ऐसे में लोगों को बचाव के उपाय करने होंगे। वरना ठंड की चपेट में आकर बीमार पड़ सकते हैं।
----------------------------------
जनजीवन के साथ फसलों पर असर
अत्यधिक ठंड जनजीवन के साथ ही फसलों पर भी असर डालेगी। सर्दियों के मौसम में प्रदूषण बढऩे और गलन से कोरोना मरीजों के साथ ही सांस के मरीजों की तकलीफ बढ़ जाएगी। ऐसे में कोरोना से मौत का ग्राफ बढ़ सकता है। वहीं दलहनी व तिलहनी फसलों पर भी प्रतिकूल असर पड़ेगा। ऐसे में लोगों को सतर्कता बरतने की जरूरत है।
-------
इस बार अधिक ठंड पडऩे का अनुमान है। नवंबर माह से ठंड में इजाफा होगा। मार्च तक ठंड का दौर चलेगा। जनजीवन के साथ ही फसलों पर भी इसका प्रतिकूल असर पड़ सकता है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। - केएम पांडेय, मौसम विज्ञानी।