विधायक विजय मिश्र के पुत्र विष्णु फरार, कुर्की की कार्रवाई में जुटी भदोही की पुलिस
विधायक विजय मिश्र के पुत्र विष्णु मिश्र डेढ़ माह बाद भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। कुर्की की नोटिस चस्पा करने के बाद अब संपत्ति को कुर्क करने की तैयारी में है। 15 अक्टूबर तक हर हाल में हाजिर हो जाएं अन्यथा कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।
भदोही, जेएनएन। विधायक विजय मिश्र के पुत्र विष्णु मिश्र डेढ़ माह बाद भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। कुर्की की नोटिस चस्पा करने के बाद अब संपत्ति को कुर्क करने की तैयारी में है। उनके खिलाफ रिश्तेदार का भवन और फर्म हड़पने का आरोप है। इसी मामले में विधायक आगरा स्थित केंद्रीय जेल में हैं जबकि एमएलसी रामलली मिश्र सशर्त जमानत पर हैं।
कौलापुर गांव के कृष्णमोहन तिवारी ने चार अगस्त को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके फर्म और भवन को जबरिया हड़प लिया गया है। जबरिया चेक पर हस्ताक्षर भी करा लिया गया है। मामले में विधायक सहित तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। 14 अगस्त को विधायक को मध्य प्रदेश के आगर जिले में गिरफ्तार कर लिया गया था। घटना के बाद से ही विष्णु मिश्र फरार चल रहे हैं। पुलिस उनके घर पर कुर्की का नोटिस चस्पा भी कर चुका है। चेताया था कि 15 अक्टूबर तक हर हाल में हाजिर हो जाएं अन्यथा कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। निर्धारित तिथि पर भी वह हाजिर नहीं हुए।