रंगदारी के लिए बलिया जिला जेल में कैदी की पिटाई करते वीडियो वायरल, प्रशासनिक अमले में हड़कंप
रंगदारी के लिए बलिया जिला जेल में कैदी की पिटाई करते वीडियो वायरल हो गया है। वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया।
बलिया, जेएनएन। जनपद की कानून व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ गई है। अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। हालात ऐसे हैं कि जिला जेल के अंदर ही बदमाश अपना गैंग चला रहे हैं। नए कैदियों द्वारा रंगदारी न देने पर आए दिन मारपीट की घटनाएं सामने आ रही है। मंगलवार को भी एक ऐसा ही मामला देखने को मिला। हत्या की सजा काट रहे कुछ बदमाशों ने रंगदारी न देने पर एक कैदी की जमकर पिटाई कर दी। यही नहीं मनबढ़ों ने उसका वीडियो भी सोशल साइट पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की जांच भी करने की बात हो रही है।
इस बाबत जेलर विनय मिश्र ने बताया कि जेल में पानी लगा है और वीडियो में कहीं पानी नहीं दिख रहा बल्कि धूप दिखाई दे रही है। इससे स्पष्ट है कि यह पुरान वीडियो है। यही नहीं इसमें दिख रहा एक आरोपी अभी गैर जनपद की जेल में है। वहीं सूत्रों की माने तो पिछले कई दिनों से जेल के अंदर बड़े आपराधिक घटनाओं में सजा काट रहे कुछ कैदी गुट बनाकर जेल में आने वाले नए कैदियो से पैसों की मांग करते हैं। न देने पर किसी बहाने उसकी जमकर पिटाई कर दी जाती है। कुछ दिन पूर्व बहेरी निवासी एक चालक किसी आरोप में जेल गया तो बदमाशों ने उससे भी पैसों की मांग की।
जेल प्रशासन ऐसे कैदियों के खिलाफ कार्रवाई करने से परहेज करते है
लाॅकडाउन में आमदनी न होने की बात कहकर उसने पैसा देने में असमर्थता जाहिर की तो कैदियों ने उसको मारपीट कर लहुलुहान कर दिया। हैरत तो तब हुई जब इसकी जानकारी होने के बाद भी जेल प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाईं नहीं की गई। जेल प्रशासन भी इन कैदियों पर कार्रवाई करने से डरता है। किसी बहाने से ये कैदी अन्य कैदियों को भड़का कर जेल प्रशासन के खिलाफ बवाल करा देते हैं।