Sanitation Tunnel लगाएगा वाराणसी नगर निगम, हॉट स्पाट में काम करने वाले कर्मियों को मिलेगा लाभ
बड़े महानगरों की तरह कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए वाराणसी नगर निगम प्रशासन सैनिटाइजिंग टनल लगाएगा।
वाराणसी, जेएनएन। बड़े महानगरों की तरह कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए नगर निगम प्रशासन सैनिटाइजिंग टनल लगाएगा। इसे सर्वाधिक संक्रमण वाले संभावित क्षेत्रों में लगाने की तैयारी है। इसके लिए निगम प्रशासन ने आईसीआईसीआई बैंक लखनऊ शाखा के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसे किसी भी क्षेत्र में कभी भी जरूरत के मुताबिक स्थापित किया जा सकता है। अपर नगर आयुक्त देवी दयाल वर्मा ने बताया कि एक दो दिन में यह व्यवस्था शुरू हो जाएगी। उन्होंने बताया कि नगर आयुक्त गौरांग राठी के निर्देशानुसार इसे सबसे पहले नगर निगम मुख्यालय सिगरा और जिला अस्पताल के पास लगाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि कोरोना के मरीजों की सेवा में लगे चिकित्सकीय टीम के साथ सफाई कार्य में लगे निगम कर्मचारियों और अधिकारियों को सैनिटाइज करना सर्वाधिक जरूरी है। इसे देखते हुए ही यह निर्णय लिया जाएगा कि कहां सबसे पहले स्थापित किया जाएगा।
ड्रोन से सैनिटाइजेशन पर जल्द निर्णय
निगम प्रशासन जिले में चिह्नित हॉट स्पाट के अलावा अन्य स्थानों पर सैनिटाइज करने के लिए ड्रोन से प्रयोग पर भी जल्द निर्णय लेगा। इस पर गुरुवार को नगर आयुक्त गौरांग राठी की अध्यक्षता में चर्चा की गई। साथ ही कंपनी की कार्य प्रणाली को निगम प्रशासन ने प्रोजेक्टर के माध्यम से देखा।