वाराणसी नगर निगम : जन्म प्रमाण पत्र के लिए नहीं आना होगा कार्यालय, फरवरी से घर बैठे आनलाइन करें आवेदन
Varanasi Municipal Corporation उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास विभाग के अमृत मिशन के तहत वर्ष 2016 से ई नगर सेवा पोर्टल से समस्त जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र रजिस्ट्रार के डिजिटल हस्ताक्षर के साथ निर्गत किए जाने का कार्य शुरू हुआ।
जागरण संवाददाता, वाराणसी : जन्म प्रमाण पत्र के लिए अगले माह से नगर निगम कार्यालय में भीड़ नहीं लगेगी। घर बैठे लोगों को जन्म प्रमाण पत्र मिल जाएगा। नगर निगम इस दिशा में कार्य कर रहा है। उम्मीद है कि फरवरी माह तक सारे रिकार्ड नगर निगम के वेबसाइट पर अपलोड कर आनलाइन व्यवस्था शुरू कर दी जाएगी। अभी तक लोगों को जन्म प्रमाण पत्र के लिए आवेदन देने कार्यालय आना पड़ता है। लेकिन इस व्यवस्था के शुरू होते ही लोग आनलाइन जन्म प्रमाण पत्र के लिए आवश्यक कागजातों के साथ आवेदन कर सकते हैं। अगर कागजातों में किसी तरह त्रुटि या फिर और किसी कागजात की जरूरी पड़ी तो आवेदक को इसकी जानकारी आनलाइन ही मिल जाएगी।
निर्धारित शुल्क भी आनलाइन जमा हो जाएगा तथा जन्म प्रमाण पत्र भी आनलाइन अपलोड किया जा सकता है। उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास विभाग के अमृत मिशन के तहत वर्ष 2016 से ई नगर सेवा पोर्टल से समस्त जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र रजिस्ट्रार के डिजिटल हस्ताक्षर के साथ निर्गत किए जाने का कार्य शुरू हुआ। 31 जनवरी 2021 तक सभी जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र उक्त पोर्टल से ही निर्गत किए गए। उत्तर प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव के निर्देश पर नगर निगम, वाराणसी ने उक्त पोर्टल को बंद कर दिया। सिविल रजिस्ट्रेशन सिस्टम पोर्टल पर जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत किए जाने के निर्देश के आलोक में एक फरवरी से इस पोर्टल से प्रमाण पत्र निर्गत किया जाने लगा। अभी तक इसी पोर्टल के माध्यम से जन्म प्रमाण पत्र निर्गत हो रहा है। लेकिन इसके लिए कार्यालय पहुंचकर ही लिखित रूप में आवेदन करना पड़ता है। जो अभी तक जारी है। सहायक नगर आयुक्त अमित शुक्ला ने बताया कि उम्मीद है कि फरवरी माह तक जन्म प्रमाण पत्र का सारा कार्य आनलाइन हो जाएगा। इसके लिए आवकश्य रिकार्ड को पोर्टल पर अपलोड करने का काम किया जा रहा है। इससे नगर निगम कार्यालय में होने वाली भीड़ में भी कमी आएगी तथा लोगों को कार्यालय का चक्कर भी नहीं लगाना पड़ेगा। उन्हें घर बैठे जन्म प्रमाण पत्र मिल जाएगा।