मेजबान की भूमिका में काशी, आने लगे प्रवासी भारतीय, चाकचौबंद हो गई टेंट सिटी
ऐढ़े गांव में बस रही टेंट सिटी की व्यवस्थाएं चाकचौबंद हो गई हैं। शुक्रवार की रात तक साज-सज्जा का कार्य अंतिम दौर में था तो शनिवार की सुबह तक सभी कार्य पूर्ण हो गए।
वाराणसी, जेएनएन। ऐढ़े गांव में बस रही टेंट सिटी की व्यवस्थाएं चाकचौबंद हो गई हैं। शुक्रवार की रात तक साज-सज्जा का कार्य अंतिम दौर में था तो शनिवार की सुबह तक सभी कार्य पूर्ण हो गए। 20 जनवरी से प्रवासी भारतीय भी टेंट सिटी में आने शुरू हो जाएंगे। 21 जनवरी की सुबह तक प्रवासियों से सभी टेंट आवास भरे रहेंगे।कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने कहा कि टेंट सिटी का कार्य पूरा हो गया है। साज-सज्जा का कार्य अंतिम चरण में हैं जो रात तक पूर्ण हो जाएंगे। दावे के साथ कहा कि हम प्रवासियों के स्वागत के लिए तैयार हो चुके हैं। 20 जनवरी से प्रवासी टेंट आवास में आना शुरू कर देंगे।
अंतिम चरण में हुए ये कार्य : अंतिम चरण में स्पा व अस्पताल के अंदर का कार्य हो रहा था। काशी विला के पास डायनिंग हाल के अंदर साज-सज्जा का कार्य हो रहा था। आर्गनाइजर आफिस का कार्य चल रहा था। क्लस्टर बी में निर्माण के बाद बची हुई सामग्र्री को निस्तारित करने का कार्य किया जा रहा था जिसके लिए जेसीबी व ट्रैक्टर लगे थे। क्लस्टर बी-1 में अहिल्याबाई घाट का मॉडल बनाने का कार्य पूरा होने को था। क्लस्टर 13 में कार्य चल रहा था। टेंट के आवासों में लालटेन लाइट लगाने का कार्य हो रहा था।
30 ई-रिक्शा से घूमेंगे टेंट सिटी : 43 एकड़ में बसी टेंट सिटी में प्रवासियों को भ्रमण करने के लिए 30 ई-रिक्शा का इंतजाम किया गया है। गेट के पास उनको खड़ा किया गया है। समीप ही हेल्प डेस्क भी है जहां यू आर हियर स्लोगन लिखा है। यहां से प्रवासी दिवस सम्मेलन समेत काशी भ्रमण की सभी जानकारियां प्राप्त की जा सकती हैं।
टेंट सिटी में जलाएंगे गैस अलाव : प्रवासी भारतीय दिवस के दौरान प्रवासियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो इसके लिए प्रशासन ने ताकत झोंक दी है। शहर से लेकर टीएफसी, मिनी स्टेडियम व टेंट सिटी के आसपास सबकुछ चकाचक करने के लिए नगर निगम के अफसर भी लगातार दौड़ लगा रहे हैं। प्रवासी दिवस के दौरान साफ-सफाई किसी चुनौती से कम नहीं। प्रवासियों को ठंड में राहत देने के लिए टेंट सिटी में गैस अलाव का इंतजाम किया जा रहा है। इसके लिए शुक्रवार को जगह चिंहित करने के लिए अधिकारियों ने दौरा किया। रिंग रोड के किनारे उड़ रही धूल से होने वाली परेशानी सामने आई तो इसके लिए पानी छिड़कने का फैसला किया गया। इसके अलावा नगर निगम पौधों व फूलों के जरिए जगह-जगह सजावट करा रहा है।
बोले अधिकारी : एयरपोर्ट से आयोजन स्थल ऐढ़े गांव तक रास्ते में पडऩे वाले होटल संचालकों को सफाई पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा जा रहा है। प्रवासी भारतीय दिवस के दौरान सड़क किनारे किसी तरह का कूड़ा नहीं फेंकने के लिए अधिकारियों को मानीटरिंग करने के लिए कहा गया है। ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - डा. नितिन बंसल, नगर आयुक्त।