Varanasi City Weather Update : वाराणसी में रात को तेज हवा के साथ हुई बारिश, सुबह से छाए रहे बादल
बनारस में रात करीब साढ़े दस बजे बारिश की बौछारें पड़ीं। इससे देर रात बनारस में ठंड बढ़ गई। देश के पश्चिमी छोर पर जोर पकड़ा पश्चिमी विक्षोभ के अब बनारस में प्रवेश कर जाने से ही यह बारिश हुई। हालांकि ठंड अब जल्द ही धीरे-धीरे कम हो जाएगी।
वाराणसी, जेएनएन। Varanasi City Weather Update : बनारस में रात करीब साढ़े दस बजे बारिश की बौछारें पड़ीं। इससे देर रात बनारस में ठंड बढ़ गई। देश के पश्चिमी छोर पर जोर पकड़ा पश्चिमी विक्षोभ के अब बनारस में प्रवेश कर जाने से ही यह बारिश हुई। हालांकि ठंड अब जल्द ही धीरे-धीरे कम हो जाएगी, क्योंकि बारिश कराने के बाद पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ जाएगा। इससे शुक्रवार की सुबह से ही बनारस में बादल छाए रहे और देर शाम तक जो और भी घने हो गए। इस बीच दिन में ही कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हुई। इस बीच बनारस का न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री और अधिकतम 24 डिग्री सेल्सियस पर चला गया। इस सीजन में पहली बार देखा गया है कि तापमान का न्यूनतम बिंदु 10 डिग्री से ऊपर चला गया हो।
सुबह सूरज की किरणें थोड़ी देर से धरती पर पड़ीं। विक्षोभ के कारण ही हवा की गति 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली। बीएचयू के मौसम विज्ञानी प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि शनिवार को भी आसमान में बादल छाएं रहेंगे और हल्की बारिश की उम्मीद है। इससे ठंड में भी थोड़ी बढ़ोत्तरी होने का अनुमान है। इसके बाद ठंड से थोड़ी राहत मिल जाएगी। वहीं दिन के समय थोड़ी उमस रहेगी, जबकि रातें और सुबह थोड़ी ठंडी होगी। चिकित्सकों का कहना है कि ठंड की बारिश स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह हो सकती है। हालांकि बारिश बहुत कम समय की है इसलिए कोई बड़ी चिंता की बात नहीं है।