Varanasi City Weather Update : वाराणसी में पारा 40 डिग्री की ओर, हवाओं का रुख तल्ख
मौसम अपने सामान्य चाल पर अब आ चुका है दो माह तक सामान्य से अधिक चल रहे तापमान ने अब राहत दी है। हालांकि तापमान में उतार चढ़ाव का दौर अब भी जारी है। गर्मी का स्तर दिन प्रतिदिन चढ़ता जा रहा है।
वाराणसी, जेएनएन। मौसम अपने सामान्य चाल पर अब आ चुका है, दो माह तक सामान्य से अधिक चल रहे तापमान ने अब राहत दी है। हालांकि, तापमान में उतार चढ़ाव का दौर अब भी जारी है। गर्मी का स्तर दिन प्रतिदिन चढ़ता जा रहा है, दोपहर में तापमान अब चालीस डिग्री के करीब तक जा पहुंचा है। माह भर बाद यह 45 डिग्री तक पहुंच जाएगा। इसी के साथ ही लू का असर भी पूर्वांचल को प्रभावित करने लगेगा। मौसम विज्ञानी मान रहे हैं कि मानसून अपने समय पर आएगा लिहाजा अगले दो माह तक गर्मी का असर बरकरार रहेगा। इसके बाद जून मध्य के बाद मानसूनी बादलों की रहमत वातावरण को राहत देगी।
सोमवार की सुबह आसमान साफ रहा, दिन चढ़ने के साथ ही सुबह की ठंडक का असर गुम होता चला गया। सुबह आठ बजे के बाद वातावरण में गर्म हवाओं का अहसास शुरू हो गया। सूरज की आंच में नमी का स्तर भी गुम हो गया तो वातारण में चलने वाली हवाएं भी गर्म अहसास लिए चलने लगीं तो वातावरण में गर्मी का स्तर भी बढ़ गया। मौसम विज्ञानी मान रहे हैं कि आने वाले दिनों में भी मौसम का यही रुख बना रहेगा। कोई डिस्टबर्सेंस का असर नहीं हुआ तो गर्म हवाओं से भरी दोपहरी का दौर भी दूसरे पखवारे से दस्तक दे देगा। इसके बाद मौसम का यही रुख जून के पहले पखवारे तक बरकरार रहेगा।
बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा, न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक था। आर्द्रता इस दौरान अधिकतम 26 फीसद और न्यूनतम 17 फीसद दर्ज किया गया। मौसम विभाग की ओर से जारी सैटेलाइट तस्वीरों में पूर्वांचल में बादलों की सक्रियता नहीं है, जबकि पहाड़ों पर बादलों की सक्रियता के बीच बारिश भी हो रही है। इसका असर एक दो दिनों में पछुआ हवाओं का रुख रहा तो पूर्वांचल तक भी आएगा और तापमान में राहत भी मिलेगी। मौसम विज्ञानी हालांकि शुष्क मौसम में बादलों की संभाना कम ही जता रहे हैं।