Varanasi City Weather Update : बादलों की विदाई के बाद पारा गिरा, सुबह ठंड बढ़ने से राहत
दो दिनों से बने बादलों की वजह से माह भर से सामान्य से अधिक चल रहे तापमान से राहत भी मिली है। बादलों की वजह से आसमान छू रहा पारा भी जमीन पर आ गया। तापमान में कमी के बाद से ही गुलाबी ठंडक का अहसास होने लगा है।
वाराणसी, जेएनएन। उत्तर भारत में दो दिनों से बने बादलों की वजह से माह भर से सामान्य से अधिक चल रहे तापमान से राहत भी मिली है। बादलों की वजह से आसमान छू रहा पारा भी जमीन पर आ गया। तापमान में कमी के बाद से ही गुलाबी ठंडक का अहसास होने लगा है। सुबह ठंडी हवाएं भी चल रही हैं और ठंडक का अहसास भी करा रही हैं। हालांकि, यह अहसास मात्र सप्ताह भर का ही है। इसके बाद से वातावरण में दोबारा बदलाव होगा और पारा चढ़ने लगेगा। इसकी वजह से गुलाबी ठंड का भी अहसास घुल जाएगा और गर्मियां अगले पखवारे के बाद दस्तक देने लगेंगी।
रविवार की सुबह आसमान साफ रहा और वातावरण में ठंड घुली रही, दिन चढ़ने के साथ गुलाबी ठंड का अहसास बना रहा। सुबह ठंडी हवाएं भी चलीं और लोगों को ठंड की वापसी का भी अहसास हुआ। लेकिन, सुबह सूरज जैसे जैसे आसमान में चढ़ता गया वैसे वैसे वातावरण से ठंड की विदायी होती गई। सुबह आठ बजे के बाद ठंड का अहसास भी खत्म हो गया और वातावरण में खिली धूप की वजह से गर्मी भी अपना असर करने लगी। दोपहर में तापमान में बढ़ाव दर्ज किया जाएगा जिसकी वजह से धूप भी कुछ तल्ख होगी। वहीं पछुआ हवाओं के पलटने से बादल भी अब उत्तर की ओर मुड़ चले हैं ऐसे में बारिश और बादलों की संभावनाएं भी खत्म हो गई हैं। जबकि अरब सागर से आने वाली शुष्क हवाओं की वजह से मौसम रूखा हो चला है।
बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री कम दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक दर्ज किया गया। आर्द्रता इस दौरान अधिकतम 64 फीसद और न्यूनतम 53 फीसद दर्ज की गई। वातावरण में पश्चिम में अरब सागर से आने वाली शुष्क हवाओं का कब्जा होने से मौसम भी रूखा हो चला है। अब हवाओं का यह रुख वातावरण से नमी को कम कर देगा। वहीं बादलों की विदायी की वजह से तापमान में भी कुछ उतार चढ़ाव का दौर आएगा।