Varanasi City Weather Update : बादलों ने गिराया पारा, दोपहर बाद दोबारा सक्रिय होंगे बादल
शुक्रवार की सुबह आसमान साफ था कुछ बादलों के टुकड़ाें की आवाजाही का दौर था लेकिन नौ बजे के आसपास आसमान साफ हो गया और ठंडी हवाएं भी थमीं। हालांकि दोपहर बाद मौसम का रुख बदला तो बूंदाबांदी और तेज हवाओं का भी रुख हो सकता है।
वाराणसी, जेएनएन। पूर्वांचल में मौसम का रुख इन दिनों भीषण गर्मी के बाद बदला हुआ है। हवाओं का रुख पछुआ है और अरब सागर के साथ ही पश्चिम से आने वाले बादलों की वजह से तापमान में भी कमी दर्ज की जा रही है। मौसम विज्ञानी मान रहे हैं कि मौसम विभाग के अनुमानों के अनुसार ही अगले 39 दिनों में मानसून उत्तर प्रदेश में सोनभद्र के रास्ते दस्तक दे देगा। मौसम विभाग हालांकि सप्ताह भर बाद ही मानसून के हर जगह पहुंचने का अनुमान चार्ट जारी करेगा। इसके बाद ही वाराणसी में मानसूनी बादलों के पहुंचने की भविष्यवाणी की जा सकेगी। मौसम विज्ञान विभाग की ओर से इस पूरे सप्ताह बादलों की आवाजाही के संकेत हैं।
शुक्रवार की सुबह आसमान साफ था, कुछ बादलों के टुकड़ाें की आवाजाही का दौर था, लेकिन नौ बजे के आसपास आसमान साफ हो गया और ठंडी हवाएं भी थमीं। हालांकि, दोपहर बाद मौसम का रुख बदला तो बूंदाबांदी और तेज हवाओं का भी रुख हो सकता है। मौसम विभाग ने तापमान में राहत का संकेत तो दिया है लेकिन मानसून आने तक लोकल हीटिंग और उमस का दौर बना रहेगा। इसके बाद मानसून के आगमन के बाद ही वातावरण से राहत की उम्मीद है।
बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा, न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा। आर्द्रता इस दौरान अधिकतम 63 फीसद और न्यूनतम 35 फीसद दर्ज की गई। तापमान में कमी बादलों की सक्रियता की वजह से आई है। वातावरण में पर्याप्त नमी होने की वजह से लोगों को बादलों की सौगात भी मिली है। बादलों की सक्रियता इस पूरे सप्ताह मौसम विभाग ने जाहिर की है। दोपहर बाद तक शहर में मौसम का रुख दोबारा बदलने की उम्मीद है। हालांकि, यह हवाओं के पछुआ होने पर ही संभव है।