Varanasi City Weather Update : बादलों ने छीना धूूप का ताप, तापमान में आने लगी गिरावट
पूर्वांचल में पूरे सप्ताह बादलों की आवाजाही रहने के संकेत हैं। मौसम का रुख धीरे धीरे गुलाबी ठंड की ओर हो चला है। वातावरण में बदलाव का असर होने से अब पारा भी अधिकतम 35 डिग्री से नीचे और न्यूनतम 25 डिग्री से नीचे हो चला है।
वाराणसी, जेएनएन। मौसम विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार इस पूरे सप्ताह बादलों की आवाजाही बने रहने के संकेत हैं। मौसम का रुख अब धीरे धीरे गुलाबी ठंड की ओर हो चला है। वातावरण में बदलाव का असर होने की वजह से अब पारा भी अधिकतम 35 डिग्री से नीचे और न्यूनतम 25 डिग्री से नीचे हो चला है। इसकी वजह से मौसम का रुख खुशनुमा भी हो चला है। मौसम विज्ञान विभाग की ओर से मौसमी बदलावों के बीच अब तक पर्याप्त बारिश के संकेत देने की वजह से मानसूनी सीजन ठीक बीतने की उम्मीदें बलवती हुई हैं।
शनिवार की सुबह आसमान साफ रहा और सुबह ठंडी हवाओं का दौर लोगों को राहत देता रहा। माना जा रहा है कि आने वाले कुछ दिनों में मौसम का रुख कुछ इसी तरह बना रहेगा। वातावरण में ठंड का असर भी रहेगा और मौसम में बदलाव लोगों को प्रभावित भी करता रहेगा। वातावरण में इस समय बंगाल की खाड़ी से पर्याप्त नमी का स्तर आ रहा है। इसकी वजह से धूप होने पर थोड़ी उमस का भी असर दिख रहा है। हालांकि, दिन में धूप कम ही समय के लिए मिल रही है। अब पखवारे भर में सुबह का दौर पूर्वांचल के पहाड़ी क्षेत्रों में नजर आने लगेगा।
बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। आर्द्रता अधिकतम 87 फीसद और न्यूनतम 73 फीसद दर्ज की गई। मौसम विभाग की ओर से जारी सैटेलाइट तस्वीरों में पूर्वांचल और आसपास बादलों की सक्रियता बनी हुई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में मौसम का रुख बदलेगा और उमस का स्तर कम होगा। इसके बाद पूर्वांचल में गुलाबी ठंड दस्तक देगी। इसी के साथ वातावरण में मौसम का रुख राहत की ओर हो जाएगा। मौसम विभाग ने हालांकि इस पूरे सप्ताह बादलों की आवाजाही बने रहने का संकेत दिया है।