Varanasi City Weather : बादलों ने गिराया पारा, तापमान फिर भी चालीस डिग्री के करीब
बीते दो दिनों में मौसम का रुख बदला हुआ है। वातावरण में गर्मी का असर बादलों ने कम कर दिया है तो तापमान में भी कमी ने लोगों को राहत दी है। मौसम विभाग ने हालांकि पूर्व में ही सप्ताह भर में बादलों की सक्रियता का अंदेशा जाहिर किया था।
वाराणसी, जेएनएन। पूर्वांचल में बीते दो दिनों में मौसम का रुख बदला हुआ है। वातावरण में गर्मी का असर बादलों ने कम कर दिया है तो तापमान में भी कमी ने लोगों को राहत दी है। मौसम विभाग ने हालांकि पूर्व में ही सप्ताह भर में बादलों की सक्रियता का अंदेशा जाहिर किया था। अब मौसम का रुख दोबारा चुनौती देने की ओर इस पखवारे से शुरू होगा।
शुक्रवार की सुबह आसमान साफ था, कुछ बादलों की सक्रियता रही जो दिन चढ़ते ही लापता हो गई। सुबह ठंडी हवाओं का रुख रहा और वातावरण में ठंड का असर धूप के चटख होने तक बना रहा। नौ बजे के बाद धूप ने अपना असर शुरू किया और दोपहर होने से पहले ही वातावरण में गर्मी का असर दिखने लगा। मौसम विज्ञानी मान रहे हैं कि पछुआ हवाओं का जोर रहा तो आने वाले कुछ घंटों में दोबारा बादलों की सक्रियता का दौर हो सकता है। इसके बाद पर्याप्त नमी के अभाव में वातावरण में बादलों की सक्रियता राहत देगी।
बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 39 डिग्री के करीब रहा जो सामान्य था, न्यूनतम तापमान 22.1 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। आर्द्रता इस दौरान अधिकतम 32 फीसद दर्ज की गई, जबकि न्यूनतम आर्द्रता 23 फीसद दर्ज की गई। मौसम विभाग की ओर से जारी सैटेलाइट तस्वीरों में पूर्वांचल के आसपास बादलों की सक्रियता बनी हुई है। वातावरण में पर्याप्त नमी हुई तो बादल बूंदाबांदी भी करा सकते हैं। अन्यथा इस पखवारे के अंत तक पारा 44 डिग्री को भी पार कर परेशान करेगा।