मीरजापुर में बोले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय सिंह लल्लू- 'किसानों की जमीन पर डाका डाल रही भाजपा सरकार'
भूमि अधिग्रहण बिल में यह भी प्रावधान है कि जब तक उस क्षेत्र के 75 फीसद किसान अपनी सहमति नहीं दे देते तब तक उनकी भूमि अधिग्रहण नहीं किया जा सकता।
मीरजापुर, जेएनएन। किसानों की जमीन पर डाका डाला जा रहा है और उसे जबरन छीनने काम सरकार कर रही है। जब भूमि अधिग्रहण बिल कानून में सर्किल रेट से चार गुना मुआवजा देने के प्रावधान है और उसके बाद ही किसानों की भूमि का अधिग्रहण की जाएगी तो किस आधार पर किसानों की भूमि औने-पौने दामों पर ली जा रही है। यह बातें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय सिंह लल्लू ने गुरुवार को जमुई सुंदरपुर में आयोजित किसान महापंचायत में उपस्थित किसानों को संबोधित करते हुए कहीं।
उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण बिल में यह भी प्रावधान है कि जब तक उस क्षेत्र के 75 फीसद किसान अपनी सहमति नहीं दे देते तब तक उनकी भूमि अधिग्रहण नहीं किया जा सकता। ये सरकार किसानों के साथ धोखा कर रही है और जबरन जमीन अधिग्रहीत करने काम कर रही है। कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ खड़ी है। यहां का सर्किल रेट चौवन से छप्पन सौ रुपया प्रति वर्गमीटर है और किसानों को उनकी भूमि के लिए मुआवजे की राशि मात्र 256 रुपया वर्गमीटर दी जा रही है। उन्होंने ऐलान किया कि जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा किसानों को साथ लेकर प्रदेश उपाध्यक्ष ललितेश पति त्रिपाठी और पूर्व विधायक भगौती प्रसाद चौधरी के निर्देशन में जमुई से पदयात्रा निकाली जाएगी और वाराणसी स्थित मिनी पीएमओ पहुंच कर उसका घेराव किया जाएगा। सोनभद्र की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि उस घटना के पीडि़तों को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस की प्रियंका गांधी आगे आई थीं और अंत में आरोपित जेल भी गए, मृतकों के आश्रितों को मुआवजा भी मिला और जमीन भी। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश महासचिव विश्वविजय सिंह, प्रदेश सचिव देंवेंद्र सिंह मुन्ना, पूर्व पालिकाध्यक्ष दीपचंद जैन, राजन पाठक, कांग्रेस महिला अध्यक्ष शिवानी साहनी, इमरान खां, देवधर दुबे, गौरव कपूर, दयाशंकर पांडेय, कैलाशनाथ उपाध्याय आदि थे।
25 दिसंबर से करेंगे आमरण अनशन
भारतीय किसान सेना के अध्यक्ष रामराज सिंह पटेल ने कहा कि यदि किसानों की बात शासन व प्रशासन ने नहीं सुनी तो वे 25 दिसंबर से यहां आमरण अनशन करेंगे। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र का किसान पढ़ा लिखा है और कानून जानता है और अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ सकता है। इसके साथ ही उन्होंने किसान सेना की ओर से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को पत्रक सौंपा। संचालन डा. धर्मराज सिंह ने किया।