यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सोनभद्र में फासिल्स पार्क में हजारों वर्ष पुराने जीवाश्म को देखा
Fasils Park in Sonbhadra राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सोनभद्र पहुंचीं। उनका काफिला सलखन स्थित फासिल्स पार्क गया। वहां उन्होंने हजारों वर्ष पुराने जीवाश्म को देखा। प्रभागीय वनाधिकारी सोनभद्र संजीव कुमार ने उन्हें फासिल्स से जुड़े इतिहास के बारे में जानकारी दी।
सोनभद्र, जागरण संवाददाता : राज्यपाल आनंदीबेन पटेल बुधवार को सोनभद्र पहुंचीं। उनका काफिला सलखन स्थित फासिल्स पार्क गया। वहां उन्होंने हजारों वर्ष पुराने जीवाश्म को देखा। प्रभागीय वनाधिकारी सोनभद्र संजीव कुमार ने उन्हें फासिल्स से जुड़े इतिहास के बारे में जानकारी दी। जिले में पर्यटन की अपार संभावना को देखते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों से यहां पर शैक्षणिक संस्थान खोले जाने को कहा। इस दौरान राज्यपाल ने मौजूद लोगों से अपनी इच्छा और फासिल्स से जुड़ी कहानियों काे साझा किया। बताया कि उन्होंने किसी टीवी चैनल पर फासिल्स का प्रसारण देखा था। तब से उनकी इच्छा थी कि वे एक बार यहां आएं और साक्षात रूप से इन्हें देखें। उनकी यह तमन्ना पूरी हो गई।
इस दौरान मौके पर उपस्थित संयुक्त निदेशक पर्यटन अविनाश चंद्र मिश्र, सहायक क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी बृजेश कुमार व साहसिक पर्यटन से जुड़े नीरज द्विवेदी ने उन्हें फासिल्स के बारे में जानकारी देने के साथ ही यहां के इतिहास, प्रकृति, सभ्यता, लोक कथाओं के बारे में बताया। इस पर राज्यपाल ने कहा कि जहां भी पर्यटन स्थल है, उससे जुड़ी जगहों पर साइनेजेज बोर्ड लगाए जाएं ताकि पर्यटन का विकास हो सके। कहा कि उन्होंने गुजरात में पर्यटन के क्षेत्र में कार्य किया था। एक ऐसा शैक्षणिक संस्थान भी यहां होना चाहिए जो पर्यटन के प्रति प्रशिक्षित देने में सहयोग करे। इसके बाद आनंदीबेन पटेल सोन इको प्वाइंट पहुंची। वहां उन्होंने मारकुंडी का दृश्य देखा और उसे काफी मनोहारी बताया। इको प्वाइंट पर 15 मिनट रहकर उन्होंने इसे काफी सुखद पल बताया। रास्ते में उन्होंने वीर लोरिक स्थल को भी देखा और उसके बारे में जानकारी ली।
इसके पूर्व चुर्क सर्किट हाउस पहुंचने पर उनका स्वागत जिलाधिकारी चंद्रविजय सिंह, डीएम मीरजापुर प्रवीण कुमार लक्षकार, डीआईजी रामकृष्ण भारद्वाज, पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अमरेंद्र प्रसाद सिंह, सीडीओ डा. अमित पाल शर्मा ने पुष्प गुच्छ देकर किया।
आज का यह है कार्यक्रम
राज्यपाल गुरुवार को सुबह नौ बजकर 40 मिनट पर चुर्क स्थित हेलिपैड से बभनी स्थित सेवाकुंज आश्रम के लिए उड़ान भरेंगी। आश्रम में राज्यपाल शाम चार बजे तक रहेंगी। यहां पर वह वनाधिकार के तहत सात लाभार्थियों को पट्टा देंगी। इसके अलावा रेडक्रास सोसायटी के चेयरमैन को प्रमाण पत्र, तीन सफाई कर्मियों को पुरस्कार व सफाई किट का वितरण करेंगी। तीन क्षय रोगियों के स्वजनों को सहायता उपलब्ध कराएंगी। इसके बाद असनहर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र व प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण करेंगी।