स्मार्ट सिटी योजना के तहत वाराणसी शहर में होगा एडवांस सर्विलांस, लगेंगे तीन हजार हाइटेक कैमरे
नगर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए शहर में हाईटेक कैमरा लगाया जाएगा। वाराणसी स्मार्ट सिटी योजना के तहत 720 स्थानों पर तीन हजार कैमरे लगाए जाएंगे।
वाराणसी, जेएनएन। नगर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए शहर में हाईटेक कैमरा लगाया जाएगा। वाराणसी स्मार्ट सिटी योजना के तहत 720 स्थानों पर तीन हजार कैमरे लगाए जाएंगे। इसके लिए 128 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इस एडवांस सिटी सर्विलांस की निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। गुरुवार को कार्यदायी कंपनी से अनुबंध किया गया है।
यह कार्य आठ महीने के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। दरअसल, वाराणसी धाॢमक, सांस्कृतिक व ऐतिहासिक महत्व के चलते विश्व प्रख्यात है। काशी को जानने व समझने के लिए यहां पर्यटकों का आना-जाना लगा रहता है। जिला प्रशासन को नगर की सार्वजनिक सुरक्षा, पुलिस नियंत्रण, भीड़ नियंत्रण, जनसामान्य की गतिविधियों के विश्लेषण में परेशानी होती है। यहां के सांसद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी है। इस कारण सुरक्षा के दृष्टिगत भी यह शहर महत्वपूर्ण है। पहले भी कई बार यहां पर आतंकी हमले हो चुके हैं जिस कारण यह सुरक्षा के लिहाज से अति संवेदनशील भी है। इसे देखते हुए शहर को हाईटेक कैमरों से लैस किया जा रहा हैं ताकि किसी भी परिस्थिति में आपात स्थिति से निबटा जा सके। वर्तमान में लगे सीसीटीवी कैमरे से केवल सामान्य निरीक्षण किया जा सकता है। अब एडवांस सर्विलांस कैमरे से संदिग्धों के चेहरों की भी पहचान हो सकती है। वाहनों के नंबर प्लेट, वीडियो एनालिसिस, भीड़ नियंत्रण, पुलिस निरीक्षण, अपराध नियंत्रण जैसे कार्यों में सहूलियत होगी। इन सर्विलांस कैमरों द्वारा प्राप्त चलचित्रों का विश्लेषण एकीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से एक ही स्थल से किया जा सकेगा। त्वरित गति से संबंधित को निर्देशित किया जा सकेगा। इस तरह नगर के चप्पे-चप्पे पर इन सर्विलांस कैमरों के माध्यम से जिला प्रशासन की पैनी नजर होगी।
चंदुआ छित्तूपुर रोड पर सीवर ओवरफ्लो
घंटी मिल चौराहे से चंदुआ छित्तूपुर रोड पर सीवर ओवर फ्लो हो रहा है। इससे लोग आजिज आ चुके हैं जिसकी शिकायत लेकर सिगरा स्थित नगर निगम मुख्यालय पहुंचे थे। महापौर मृदुला जायसवाल व नगर आयुक्त गौरांग राठी से शिकायत की गई। इसमें मंगलेश सिंह, राजेश कुमार सिंह, अरुण कुमार श्रीवास्तव, विमल त्रिपाठी, कमला प्रसाद आदि थे।