शहर की दो और सड़कें होंगी फोरलेन, कज्जाकपुरा-सारनाथ व सामनेघाट-विश्वसुंदरी मार्ग का डीपीआर तैयार करने का आदेश
शहर की जरूरतों को देखते हुए कज्जाकपुरा से सारनाथ और सामनेघाट से विश्व सुंदरी पुल को जाने वाले मार्ग को भी चौड़ीकरण कर फोरलेन किया जाएगा।
वाराणसी, जेएनएन। शहर की जरूरतों को देखते हुए कज्जाकपुरा से सारनाथ और सामनेघाट से विश्व सुंदरी पुल को जाने वाले मार्ग को भी चौड़ीकरण कर फोरलेन किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के अभियंता को दोनों सड़कों को फोरलेन का प्रोजेक्ट तैयार करने का निर्देश दिया गया है।
सूबे के पर्यटन, संस्कृति, धर्मार्थ कार्य राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डा. नीलकंठ तिवारी मंगलवार को कमिश्नर सभागार में गंगा महोत्सव व देव दीपावली के पूर्व शहर की जर्जर और निर्माणाधीन सड़कों की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने पीडब्ल्यूडी अभियंता को निर्देश दिया कि सड़कों की मरम्मत युद्ध स्तर पर अभियान चलाकर करें। समारोह स्थल की ओर जाने वाले सभी कनेक्टिंग मार्गों की प्रकाश व्यवस्था और सफाई सुनिश्चित कर ली जाए। नगर निगम व वीडीए को निर्देश दिया कि अपनी-अपनी सड़कों की सूची बनाकर दें कि कितनी सड़कें पूरी बनाई जानी हैं और कितने की मरम्मत होनी है। कितने बजट की आवश्यकता होगी। निर्माणाधीन पंडित दीनदयाल उपाध्याय कांप्लेक्स को प्रोजेक्टर के माध्यम से परियोजना की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने जल्द से जल्द परियोजना को पूरा कर भेजने का निर्देश वीडीए वीसी को दिया। बैठक में कमिश्नर दीपक अग्रवाल, जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा, एसएसपी प्रभाकर चौधरी, वीसी वीडीए राहुल पांडेय, संयुक्त निदेशक पर्यटन अविनाश चंद्र मिश्र समेत लोक निर्माण, विद्युत, नगर निगम, संस्कृति विभाग के अधिकारी मौजूद थे।
विशेश्वरगंज व टाउनहाल में बनेगी पेड पार्किंग
देव दीपावली पर लोगों की सुविधा को देखते हुए टाउनहॉल, विशेश्वरगंज आदि स्थलों पर पेड पार्किंग बनाई जाएगी। इससे वाहन सड़कों पर नहीं खड़े हो पाएंगे और जाम से बचा जा सकेगा। गाडिय़ों की पार्किंग निर्धारित स्थलों पर करने और अन्य आवश्यक जानकारी ट्रैफिक सिग्नल पर शहर में लगे 23 ध्वनि विस्तारक यंत्रों से कराने का निर्देश दिया गया।
आठ तक घाटों की सफाई पूरी करने का निर्देश
देव दीपावली पर्व के दौरान विभिन्न घाटों पर होने वाले कार्यक्रम, घाटों की सजावट आदि में हर हालत में सिमेट्री रखने का निर्देश दिया गया। घाटों की सफाई हर हालत में आठ नवंबर तक पूर्ण कराए जाने का निर्देश दिया गया। घाट के साथ ही आसपास और पूरे शहर में समुचित सफाई और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करा ली जाए। पुलिस को निर्देश दिया कि नशेड़ी और असामाजिक तत्व को पहले से चिन्हित कर लिया जाए।