गोमती नदी में उतराया मिला दो युवकों का शव, एक शव चार दिन पहले जौनपुर में घर से निकले सतीश का
चोलापुर में उधोरामपुर गांव के समीप सोमवार की शाम को गोमती नदी में दो सौ मीटर की दूरी पर दो शव मिलने से सनसनी मच गई।
वाराणसी, जेएनएन। चोलापुर में उधोरामपुर गांव के समीप सोमवार की शाम को गोमती नदी में दो सौ मीटर की दूरी पर दो शव मिलने से सनसनी मच गई। ग्राम प्रधान पुष्पा सिंह ने चोलापुर पुलिस को शव मिलने की सूचना दी। पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतकों में एक की शिनाख्त जेब से मिली आधार कार्ड के आधार पर मर्दानपुर, थाना कोतवाली जौनपुर के सतीष मौर्य (31 वर्ष) पुत्र पारस नाथ मौर्य के रुप में हुई। उसने लाल रंग की शर्ट पहन रखी थी।
शाम को ग्रामीण गोमती नदी के किनारे गए तो कुछ दूरी पर दो शव उतराया देखकर दंग रह गए। एक युवक का शव कीचड़ से सना था। पुलिस ने दोनो शवों को नदी से बाहर निकाला। मिट्टी से लथपथ दूसरे मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि दोनों के शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं दिखे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगा कि उनकी मौत कैसे हुई। जौनपुर वाले युवक के परिजनों से बातचीत कर अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।
चार दिन पहले घर से निकला था सतीश
जौनपुर नगर कोतवाली क्षेत्र के मरदानपुर निवासी सतीश मौर्य का का शव वाराणसी में नदी किनारे मिलने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वह चार दिन पहले घर से निकला था। सतीश मौर्या (29) गुरुवार की शाम छह बजे घर से निकला था। मां गीता मौर्या से बोलकर निकला था कि अब चार दिन बाद आएगा। ऐसे में शाम पांच बजे पुलिस उसके घर मनहूस खबर लेकर पहुंची। पिता पारसनाथ मौर्य को बताया कि उसके बेटे का शव वाराणसी के चोलापुर में गोमती नदी में मिला है। उसके पास मिले आधार कार्ड से उसकी शिनाख्त सतीश के रूप में हुई है। शव इतना छत-विक्षत हो गया है कि चेहरे की पहचान नहीं हो पा रही है। परिजनों के मुताबिक सतीश पहले मुंबई में रहकर ट्रक पर खलासी का काम करता था। घर लौटकर वह मजदूरी करता था। कुछ वर्ष पहले इसकी हुई। एक पुत्री के होने के बाद तलाक हो गया था। पत्नी बच्ची के साथ मायके में ही रहती है।