Top Varanasi News Of The Day, 19 December 2019 : वाराणसी में शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में पुलिस ने किया गिरफ्तार, भारतीय चिकित्सा पद्धति का प्रचार-प्रसार जरूरी, शीतलहर की चपेट में पूर्वांचल
बनारस शहर की कई खबरों ने गुरुवार को सुर्खियां बटोरीं जानिए शाम पांच बजे तक की शहर-ए-बनारस की पांच प्रमुख और चर्चित खबरें।
वाराणसी, जेएनएन। बनारस शहर की कई खबरों ने गुरुवार को सुर्खियां बटोरीं। जिनमें वाराणसी में शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में पुलिस ने किया गिरफ्तार, भारतीय चिकित्सा पद्धति का प्रचार-प्रसार जरूरी, शीतलहर की चपेट में पूर्वांचल,सूर्य ग्रहण के दिन साढ़े पांच घंटे बंद रहेगा बाबा दरबार,बनारस में तैयार होंगे प्लास्टिक टेक्नोलॉजी के इंजीनियर आदि खबरें रहीं। जानिए शाम पांच बजे तक की शहर-ए-बनारस की पांच प्रमुख और चर्चित खबरें।
वाराणसी में शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में पुलिस ने किया गिरफ्तार, सभा नहीं करने की अनुमति
जिला अधिकारी कौशल राज शर्मा ने बताया कि जनपद में दुष्प्रचार करने वालों के खिलाफ कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। बेनियाबाग, लोहता व अन्य क्षेत्रों के 79 व्यक्तियों को चिह्नित कर नोटिस तामिल करा कर उन्हें पाबंद किया गया है। थाना लोहता और लंका में एक-एक के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर कार्रवाई की जा रही है। बताया कि 19 दिसंबर को बेनियाबाग मैदान में सभा के आयोजन की कोई अनुमति नहीं दी गई है। इसके बाद भी गुरुवार को दिन में करीब बारह बजे बेनियाबाग स्थित लंगड़ा हाफिज मजार के पास प्रदर्शन करते लोगों को पुलिस ने शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
आरोग्य मेले का शुभारंभ : भारतीय चिकित्सा पद्धति का प्रचार-प्रसार जरूरी, बोले आयुष मंत्री धरम सिंह सैनी
आयुर्वेद संकाय, बीएचयू में फिक्की की ओर से आयोजित चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय आरोग्य मेले का शुभारंभ गुरुवार को हुआ। इसमें 68 देशों के प्रतिनिधि भाग लें रहे, जिनमें आयुष औषधियों की निर्माता कंपनी, आयुष चिकित्सक एवं वैज्ञानिक शामिल हैं। कार्यक्रम के शुभारंभ पर प्रदेश के आयुष मंत्री धरम सिंह सैनी ने कहा कि यूपी में आयुष की शुरुआत आयुर्वेद के प्रचार प्रसार करने के लिए धन्यवाद। जिस भारतीय चिकित्सा पद्धति पर पीएम को भरोसा है, उसके प्रसार के लिए प्रयास कर रहे है, उसके लिए हम सब की भी जिम्मेदारी है। सीएम योगी ने मुझे यह जिम्मेदारी दी, क्योंकि मैं आयुर्वेदिक चिकित्सक भी हूं।
शीतलहर की चपेट में पूर्वांचल, बुधवार को इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा, दो दिन में 11 डिग्री गिरा तापमान
काशी सहित पूरा पूर्वांचल अब शीतलहर की चपेट में आ गया है। दो दिन में ही तापमान 11 डिग्री गिरने से लोगों की हड्डी भी हिलने लगी। चेतावनी जारी की गई है कि आने वाले एक-दो दिन में और भयानक सर्दी पड़ेगी। बुधवार को इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। तीन डिग्री गिर कर अधिकतम तापमान 15 और करीब साढ़े तीन डिग्री सेल्सियस गिरकर न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री पर आ गया। इसके कारण दिन में भी बहुत तेज गलन बढ़ गई। बॉडी तापमान से 25 डिग्री पारा कम होने से लोगों की आफत बढ़ गई है।
सूर्य ग्रहण के दिन साढ़े पांच घंटे बंद रहेगा बाबा दरबार, 26 को कंकाकृत रूप में दिखेगा साल का अंतिम ग्रहण
पौष अमावस्या पर 26 दिसंबर की सुबह सूर्य ग्रहण को देखते हुए श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर सुबह छह बजे से 11.25 बजे तक बंद रहेगा। इस दिन मध्याह्न भोग आरती व पूर्व संध्या पर 25 दिसंबर की रात शृंगार भोग आरती में बाबा को फलाहार अर्पित किया जाएगा। दोनों ही दिन सभी आरतियां अपने निर्धारित समय पर होंगी। वास्तव में 26 दिसंबर की सुबह 8.20 बजे ग्रहण का स्पर्श, 9.40 बजे मध्य व 11.13 बजे मोक्ष होगा। इससे 12 घंटे पहले यानी 25 दिसंबर की रात 8.20 बजे ग्रहण का वेध (सूतक) शुरू हो जाएगा। मंदिर सीईओ विशाल सिंह के अनुसार ग्रहण के बाद मंदिर खुलने पर 11.30 बजे से 12.30 बजे तक मध्याह्न भोग आरती होगी।
बनारस में तैयार होंगे प्लास्टिक टेक्नोलॉजी के इंजीनियर, सिपेट खोलेगा प्रदेश का दूसरा सीएसटीसी
देश के लिए सबसे बड़ी समस्या बने प्लास्टिक कचरे का अब काशी में सही उपयोग हो सकेगा। साथ ही प्लास्टिक टेक्नोलॉजी के इंजीनियरों की भी यहां फौज तैयार होगी। इसके लिए सिपेट (सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ प्लास्टिक इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी) की ओर से वाराणसी में लखनऊ के बाद प्रदेश का दूसरा व देश का 40वां सीएसटीसी (सेंटर फार स्कीलिंग एंड टेक्निकल सपोर्ट) खोलने की तैयारी है। इसके लिए प्रदेश सरकार ने करसड़ा में 10 एकड़ भूमि भी मुहैया करा दी है। इस केंद्र को बनाने की जिम्मेदारी सीपीडब्ल्यूडी (केंद्रीय लोक निर्माण विभाग) को मिली है। यही नहीं अप्रैल से ही इसमें पठन-पाठन भी शुरू हो जाएगा। शुरुआत में एक साथ 400 छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा।