एक दिसंबर से टोल प्लाजा कैशलेस, टोलप्लाजा पर फास्टैग सिस्टम से वाहन चालकों को जाम से मिलेगी राहत
शासन के निर्देश पर देशभर के टोल प्लाजा एक दिसंबर से कैशलैस हो जाएंगे। कैश लेनदेन नहीं करने पर दोगुना टोल टैक्स वसूला जाएगा।
वाराणसी, जेएनएन। शासन के निर्देश पर देशभर के टोल प्लाजा एक दिसंबर से कैशलैस हो जाएंगे। कैश लेनदेन नहीं करने पर दोगुना टोल टैक्स वसूला जाएगा। डाफी टोल प्लाजा के सभी बूथों पर फास्टैग सिस्टम लगा दिए गए हैं। टोल प्लाजा पर लगने वाले जाम की समस्या को देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय ने यह निर्णय लिया है। टोल प्लाजा के पास चिप से भुगतान होगा। वाहनों के टोल प्लाजा पर आते ही पैसा कट जाएगा और गाड़ी आगे बढ़ जाएगी।
टोल प्लाजा के मैनेजर जयराज सिंह ने बताया कि एक दिसंबर से टोल प्लाजा कैशलेस हो जाएंगे। इसके लिए टोल प्लाजा के दोनों तरफ दो काउंटर बनाए गए हैं। आइसीआइसीआइ और एक्सिस बैंक की ओर से चिप लगा दिए गए हैं। फास्टैग चिप में पैसा नहीं होने के बाद भी उनको दो बार मौका मिलेगा। सफर के दौरान वाहन चालक के पास पैसा नहीं है तो वे बाद में रिचार्ज कर बैलेंस डाल सकते हैं।
चिप नहीं लगाने वाले वाहन चालकों से दोगुना टोल वसूला जाएगा। टोलप्लाजा पर फास्टैग सिस्टम से वाहन चालक जाम में नही फसेंगे और साथ ही ईंधन की भी बचत होगी। नोटबंदी के बाद से ही शासन ने कैशलेस व्यवस्था लागू करने को कहा था। इसमें टोल प्लाजा को भी निर्देश दिया गया था लेकिन संसाधन उपलब्ध नहीं होने के चलते आगे काम नहीं बढ़ सका।