अलग अलग स्थानों पर सडक दुर्घटना में तीन लोगों की मौत
दो अलग अलग स्थानों पर सडक दुर्घटना में तीन लोगों की माैत हो गई। इसमें एक घटना गुुरुवार की देर रात जौनपुर और दूसरी शुक्रवार की सुबह सोनभ्ाद्र में हुई।
सोनभद्र, जेएनएन। दो अलग अलग स्थानों पर सडक दुर्घटना में तीन लोगों की माैत हो गई। इसमें एक घटना गुुरुवार की देर रात जौनपुर और दूसरी शुक्रवार की सुबह सोनभ्ाद्र में हुई। सोनभद्र के बभनी थाना क्षेत्र के परसाटोला शुक्रवार की सुबह ट्रक व मोटरसाइकिल में टक्कर हो गई। इसमें बाइक सवार पुत्र भगवान दास (24) की मौत हो गई और पिता जगरनाथ (45) गंभीर रूप से घायल हो गए। वह बभनी थाना क्षेत्र के भंवर गांव के निवासी हैं। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक व भगवान दास के शव को कब्जे में ले लिया। घायल पिता को अस्पताल भेजा।
उधर जौनपुर के बक्शा थाना क्षेत्र के अलीगंज पुलिया के पश्चिम गुरुवार की देर रात एक कार के खाई में पलट जाने से उसमें सवार दो युवकों की मौत हो गई। साथ ही कार में बैठे अन्य दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों को बेहतर उपचार के लिए चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया। बक्शा थाना क्षेत्र के अभयचन्दपट्टी गांव निवासी 27 वर्षीय अमरनाथ यादव, ढेरापुर निवासी 45 वर्षीय गुड्डू यादव, अलीगंज निवासी 50 वर्षीय राजेश यादव एवं फरीदाबाद निवासी 24 वर्षीय दीपू यादव दिन में किसी बीमार रिश्तेदार को देखने वाराणसी गए थे।
वे लाेग वहां से रात में ही वापस जौनपुर आ रहे थे। रात करीब 11 बजे जैसे ही अलीगंज सकरी पुलिया पार कर बक्शा थाना क्षेत्र में प्रवेश किया कि वैगनआर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अरविन्द कुमार यादव पुलिस टीम के साथ पहुंचे और कार से निकाल घायल चारों लोगों को जिला अस्पताल भेज दिया। चिकित्सकों ने चालक अमरनाथ यादव व गुड्डू यादव को मृत घोषित कर दिया जबकि गंभीर रूप से घायल राजेश यादव व दीपू यादव को वाराणसी रेफर कर दिया गया।