जौनपुर में भाजपा मंडल अध्यक्ष के घर लाखों की चोरी, पुलिस जांच पड़ताल में जुटी
जौनपुर जिले में चोरों ने भाजपा मंडल अध्यक्ष सिरकोनी, सभा नारायण पाठक के घर में छत के रास्ता घुसकर एक लाख नगद समेत आठ लाख के जेवरात को पार कर लिया।
जौनपुर, जेएनएन। सूबे की भाजपा सरकार को तगड़ी चुनौती देते हुए, चोरों ने सेहमलपुर गांव में मंगलवार की देर रात दुस्साहसिक ढंग से चोरी को अंजाम दिया। चोरों ने भाजपा मंडल अध्यक्ष सिरकोनी, सभा नारायण पाठक के घर में छत के रास्ता घुसकर एक लाख नगद समेत आठ लाख के जेवरात को पार कर लिया। इसके साथ ही इस घर से करीब पांच सौ मीटर की दूरी पर दूसरे घर में भी चोरों ने चोरी की। चोर संतोष चौरसिया के घर मे चैनल का ताला तोड़कर करीब एक लाख का जेवरात चुरा ले गए।
चोरों ने घर से अटैची और बक्शा ले जाकर कुछ दूरी पर तोड़ दिया और उसमें रखा चेन, सोने की अंगूठी एवं पैजनी समेत लगभग एक लाख रुपये का जेवरात निकालकर भाग गए। वहीं इसी सेहमलपुर गांव मे जफराबाद विधायक हरेंद्र प्रसाद सिंह का भी घर है। घटना की जानकारी होते ही पुलिस महकमे में हड़़कंप मच गया। सूचना पर इंस्पेक्टर जलालपुर देवतानंद सिंह और डाग स्क्वॉयड की टीम मौका स्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल करते हुए चोरों की तलाश में लग गई है।
चोरों ने भाजपा मंडल अध्यक्ष की बहू को जो कमरे में सो रही थी उसके कमरे में बाहर से सिटकनी लगा दी। उसके बाद चोर इस कमरे के अगल-बगल के कमरों का ताला तोड़कर आलमारी, बेड के दराज मे रखे जेवरातों को चुरा ले गए। चोरी की जानकारी कमरे में बंद बहू के जागने पर लोगों को हुई। बहू जोर जोर से अपना दरवाजा पीटने लगी। वहां उसके कमरे के पास भाजपा मंडल अध्यक्ष और परिजन भी पहुंच गए तो बाहर से सिटकनी बंद देख चौंक गए। उन्होंने बहू को बाहर निकाला।
इसी बीच अगल-बगल के कमरों का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर कमरे में देखा सारा सामान बिखरा था और आलमारी और बेड के दराज में रखे रुपये और जेवरात गायब थे। मंडल अध्यक्ष ने तत्काल चोरी की सूचना पुलिस और क्षेत्रीय विधायक को दी। पुलिस ने जिला मुख्यालय से डाग स्क्वॉयड और फिंगर एक्सपर्ट को टीम बुलाया। खोजी कुत्ता मंडल अध्यक्ष के घर मे बिखरे सामानों को सूंघते हुए बगल के खेत से होते हुए करीब 400 मीटर दूर जाकर रामदौर की दुकान के पास रुक गया। फिलहाल वहां कोई सुराग नहीं मिल सका मगर पुलिस जल्दी से जल्दी चोरों को पकडऩे का दावा कर रही है।