पहाड़ों से आई बर्फीली हवाओं ने दस डिग्री तक गिराया पारा, पूर्वांचल अब जल्द ही गलन की चपेट में होगा
पूर्वांचल में तापमान में आई व्यापक कमी के पीछे पश्चिमी विक्षोभ का पहाड़ों पर असर जिम्मेदार है। मौसम विभाग ने पूर्व में ही तापमान में उतार चढ़ाव का संकेत दिया था। अब तापमान में कमी की वजह भी पहाड़ों पर मौसमी बदलाव का असर ही जिम्मेदार है।
वाराणसी, इंटरनेट डेस्क। पूर्वांचल में मौसम का रुख लगातार बदलाव की ओर होने के बीच अचानक तापमान ने गोता लगाया और पारा दस डिग्री तक आ गया। इस लिहाज से पारा लगभग चार डिग्री तक कम हुआ है। मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम का रुख और भी बदलेगा। दरअसल पूर्वांचल में तापमान में आई व्यापक कमी के पीछे पश्चिमी विक्षोभ का पहाड़ों पर असर जिम्मेदार है। मौसम विभाग ने पूर्व में ही तापमान में उतार चढ़ाव का संकेत दिया था। अब तापमान में कमी की वजह भी पहाड़ों पर मौसमी बदलाव का असर ही जिम्मेदार है।
मंगलवार की सुबह तापमान में व्यापक कमी का असर नजर आया। वातावरण में ठंडी हवाएं रात से ही काबिज रहीं और दिन चढ़ने तक गलन का असर रहा। सुबह आठ बजे के बाद वातावरण में धूप का असर होने के बाद मौसम का रुख बदला तो गलन कम हो गई। हालांकि, पहाड़ों का असर लगातार पूर्वांचल तक आ रहा है। इससे माना जा रहा है कि जल्द ही हवाओं का असर थमा तो कोहरे की चादर भी पूर्वांचल तक अपना असर दिखाने लगेगी। मौसम विज्ञानी मान रहे हैं कि चार दिन बाद कोहरे का असर दोबारा शुरू हो जाएगा। वहीं कोहरे के साथ ही मासान्त तक पारा भी दस डिग्री के करीब आने लगेगा।
बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री कम रहा। आर्द्रता अधिकतम 76 फीसद और न्यूनतम 48 फीसद दर्ज की गई। मौसम विभाग की ओर से जारी सैटेलाइट तस्वीरों में पूर्वांचल में आसमान पूरी तरह से साफ है और वातावरण में पहाड़ों से आने वाली बर्फीली हवाएं काबिज हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में मौसम का रुख और भी तल्खी की ओर हो जाएगा। मौसमी बदलाव ठंड में और इजाफा करेगा।