वाराणसी में कोरोना वैक्सीन का पहले डोज के लिए रात आठ बजे कोविन पोर्टल पर कराएं पंजीयन
अधिकारियों के अनुसार अब पोर्टल पर पंजीयन के बाद स्लाट बुक करना अनिवार्य होगा। बुकिंग के अगले कार्य दिवस पर स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर कोरोना का टीका लगवा सकते हैं। वहीं टीका में कमी होने के पूर्व ही अब डिमांड से शीर्ष अधिकारियों को अवगत करा दिया जा रहा है।
वाराणसी, जेएनएन। कोरोना संक्रमण का पहला दौर बीतते बीतते दो भारतीय कंपनियों की ओर से कोरोना वैक्सीन आने के बाद जनवरी माह से कोरोना वैक्सीनेशन का दौर शुरू हो गया है। हालांकि, पोर्टल पर जल्द बुकिंग होने की वजह से कई लोगों के लिए कोरोना का टीका लगावान का समय और स्थान बुक करने में लोगों के पसीने छूट रहे हैं। कभी कभार पोर्टल काम न करने से लोगों को काफी दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। अक्सर कोरोना का टीका बुक कराने के बाद भी लोगों को केंद्रों पर आने के बाद भी तमाम तरह की समस्याओं का सामना करना ही पड़ रहा था।
अधिकारियों के अनुसार अब पोर्टल पर पंजीयन के बाद स्लाट बुक करना अनिवार्य होगा। बुकिंग के अगले कार्य दिवस पर स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर कोरोना का टीका लगवा सकते हैं। वहीं टीका में कमी होने के पूर्व ही अब डिमांड से शीर्ष अधिकारियों को अवगत करा दिया जा रहा है। इसकी वजह से समय से टीका आने पर टीकाकरण प्रभावित नहीं हो रहा है।
वाराणसी में जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा के निर्देशन में कोविड-19 टीकाकरण महाभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत अब हर दिन रात में करीब आठ बजे कोविन पोर्टल को खोला जाएगा। पहली डोज लगवाने वाले इच्छुक लाभार्थी अपने मोबाइल से या जन सेवा केंद्र से अपना रजिस्ट्रेशन कर स्लाट जरूर बुक कर सकते हैं। स्लाट बुक करने वालों को अगले कार्य दिवस पर निर्धारित केंद्र पर टीका लगाया जाएगा। लाभार्थियों को www.cowin.gov.in पर रजिस्ट्रेशन कराने के बाद अपने नजदीकी केंद्र का स्लाट बुक कराना होगा। बताया कि पंजीकरण के बाद फोटो पहचान पत्र के साथ निर्धारित टीकाकरण केंद्र पर पहुंचें और टीका लगवाना सुनिश्चित करें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. वीबी सिंह ने बताया कि प्राप्त निर्देशानुसार वे नागरिक जो कोविड टीकाकरण का प्रथम डोज लगवाना चाहते हैं, उन्हें अब पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य कर दिया गया है। पंजीयन के बाद स्लाट बुक कराकर टीकाकरण स्थल पर आने वाले नागरिकों को ही टीका लगाया जायेगा। पोर्टल पर स्लॉट रात आठ बजे खोले जा रहे हैं। सभी लाभार्थी अपना स्लॉट अवश्य बुक करा लें और अपने शेड्यूल के अनुसार ही अपने नजदीकी टीकाकरण केंद्र पर पहुंचे। सीएमओ डा. सिंह ने बताया कि जनपद में जिला महिला चिकित्सालय कबीरचौरा पर महिला स्पेशल टीकाकरण सत्र का आयोजन किया जा रहा है। महिलाएं पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराकर अपना टीकाकरण करा सकती हैं। महिला स्पेशल टीकाकरण सत्र के लिए भी प्रतिदिन स्लाट खोले जाएंगे। इसमें पंजीकृत लाभार्थियों को अगले कार्य दिवस में टीका लगाया जाएगा।