आजमगढ़ में मुख्तार अंसारी के दो करीबियों के घरों पर एसटीएफ का छापा, चार वाहन पुलिस ने किया जब्त
जेल में निरुद्ध पूर्वांचल के बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के दो करीबियों के घरों पर पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार की देर रात आजमगढ़ में छापेमारी की।
आजमगढ़, जेएनएन। जेल में निरुद्ध पूर्वांचल के बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के दो करीबियों के घरों पर पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार की देर रात छापेमारी की। पुलिस ने दोनों के घरों पर खड़े चार वाहनों समेत दूसरे कई सामान जब्त किया है। पुलिस की कार्रवाई से क्षेत्र में देर रात तक अफरा-तफरी की स्थिति मची रही।
मुख्तार अंसारी के साथ ही उनके करीबियों के खिलाफ शासन के निर्देश पर पुलिस व प्रशासन ने शिकंजा कस रखा है। एक-एक सफेदपोश की कुंडली खंगाली जा रही।
बुधवार की रात में एसटीएफ के साथ मुबारकपुर थाने की पुलिस ने थाना क्षेत्र के सिकठी शाहमुहम्मदपुर व लोहरा गांव में पहुंचकर छापेमारी की। छापे के दौरान पुलिस ने सिकठी शाहमुहम्मदपुर गांव निवासी असगर शेख व लोहरा गांव निवासी अब्दुल हक के घर के बाहर खड़ी उनकी बोलेरो, पिकअप, मारुति कार, ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। साथ ही घर से अन्य आपत्तिजन सामान भी बरामद होने की चर्चा रही। हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं है। मुबारकपुर इंस्पेक्टर अखिलेश मिश्र ने बताया कि उक्त दोनों व्यक्ति मुख्तार के करीबी हैं। उनके गैर कानूनी धंधे में भी शामिल हैं। उन्होंने गांव में सार्वजनिक पोखरा के साथ ही भूमि पर भी कब्जा किया हुआ है। असगर शेख का सिकठी शाहमुहम्मदपुर गांव में ईंट भटठा भी है। शिकायत मिली है कि वह अपने ईंट भटठा पर मजदूरों को बंधक बनाकर मजदूरी कराता है। मजदूरों को पगार भी नहीं दी जाती है। मजदूरों से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस व एसटीएफ की कार्रवाई चल रही थी।
गिरोह पर नकेल कसने के लिए पुलिस चला रही अभियान
विधायक मुख्तार अंसारी गैंग पर नकेल कसने के लिए पुलिस अभियान चला रही है। जिले में लगातार हत्या करने के बाद सुर्खियों में आए झुन्ना पंडित पर भी पंजाब जेल में बंद मुख्तार का हाथ है। इसका पता पुलिस को तब चला जब उसने झुन्ना को यूपी बार्डर पार कराया। इतना ही नहीं पुलिस मुठभेड़ से बचाने के लिए विधायक ने उसे पंजाब पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कराया था।
पिछले दिनों मुख्तार अंसारी के करीबियों को अवैध बूचड़खाने चलाने और मछली बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद सोमवार को जिले में मुख्तार के गिरोह से जुड़े एक और गुर्गे मोहम्मद सलीम उर्फ सलीम को मछली समेत पकड़ा गया। सलीम समेत सात को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार मुख्तार के करीबियों का प्रतिबंधित मछलियों का व्यापार ही नहीं बल्कि लोगों से रंगदारी वसूलने, जबरदस्ती टेंडर हथियाने समेत अनेक काले धंधे चल रहे हैं।