सौतेली मां की दिनदहाड़े चाकू घोंपकर हत्या, घटना के बाद आस-पास के लोगों ने आरोपित युवक को पकड़ लिया
कोन थाना क्षेत्र के कचनरवा गांव में एक युवक ने अपनी सौतेली मां की दिनदहाड़े चाकू घोंपकर हत्या कर दी। घटना के बाद आस-पास के लोंगों ने आरोपित युवक को पकड़ लिया।
सोनभद्र, जेएनएन। कोन थाना क्षेत्र के कचनरवा गांव में एक किशोर ने अपनी सौतेली मां की दिनदहाड़े चाकू घोंपकर हत्या कर दी। घटना के बाद आस-पास के लोगों ने आरोपित को पकड़ लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। घटना के समय मृतका के पति यानी आरोपित के पिता और मां झारखंड गए हुए थे। मृतका क्षेत्र पंचायत सदस्य भी थी।
जानकारी के मुताबिक, निजी इंटर कालेज के प्रबंधक शिवनरायण गुप्ता ने करीब छह साल पहले अपने कालेज की छात्रा रागिनी (28) से दूसरी शादी की थी। उसी समय इस संबंध को लेकर पहली पत्नी व उसके पुत्रों ने विरोध किया था। विवाद भी हुआ था। हालांकि किसी तरह से मामला शांत हो गया। बाद में प्रबंधक ने क्षेत्र पंचायत कचनरवा से दूसरी पत्नी रागिनी को बीडीसी का चुनाव लड़ाया और वह जीत गईं। इसके बाद चोपन ब्लाक प्रमुख की दावेदारी भी की लेकिन, सफलता नहीं मिली। जब नई सरकार बनी तो रागिनी ने अविश्वास प्रस्ताव भी ब्लाक प्रमुख के लिए लाया। तब भी उसे सफलता नहीं मिली। यह सब बातें पहली पत्नी और छोटे पुत्र को हमेशा नागवार लगती रही। वाराणसी के एक स्कूल में 11वीं का छात्र हमेशा अपनी सौतेली मां को रास्ते से हटाने के लिए सोचता रहा। गुरुवार को किसी के माध्यम से सूचना मिली कि सौतेली मां अकेली है। इतने में वह अपने स्कूल से भागकर बस से सीधे कचनरवा पहुंचा। दरवाजे पर आकर आवाज लगाई। रागिनी जैसे ही दरवाजे पर आई किशोर ने चाकू से पेट में कई बार हमला कर दिया। इससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आवाज सुनकर लोग दौड़े और जैसे ही आरोपित भागना चाहा ग्रामीणों ने दौड़ा कर पकड़ लिया। कोन थाना प्रभारी शिव प्रताप वर्मा ने कहा कि हत्या के मामले में आरोपित को पकड़ लिया गया है। बाकी पूछताछ की जा रही है।
अलग-अलग रहता था परिवार
शिव नारायण गुप्ता की पहली पत्नी के दो पुत्र व एक पुत्री हैं। यह परिवार कोन थाना क्षेत्र के ही गौराङ्क्षसगा में रहता है। दूसरी पत्नी रागिनी के साथ शिवनारायण कचनरवा में रह रहे थे। कभी-कभार बहुत जरूरी होने पर ही दोनों परिवार के लोग एक जगह होते थे। आरोपित को जब पकड़ा गया तो वह बताया कि उसे पढ़ाई के लिए खर्च भी नहीं मिलता था। बताया कि सौतेली मां विरोध करती थी। इसीलिए मारने की योजना बनायी।