शहर से सटे गांवों में दो माह में आठ दिन करें प्रवास, केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं के बारे में लोगों को बताएं
भारतीय जनता पार्टी महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय की अध्यक्षता में सभी मोर्चों के अध्यक्ष की बैठक रविवार को क्षेत्रीय कार्यालय गुलाब बाग में हुई।
वाराणसी, जेएनएन। भारतीय जनता पार्टी महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय की अध्यक्षता में सभी मोर्चों के अध्यक्ष की बैठक रविवार को क्षेत्रीय कार्यालय गुलाब बाग में हुई। उन्होंने कहा कि सभी मोर्चे के क्षेत्रीय एवं महानगर पदाधिकारियों को दो माह में आठ दिन महानगर की सीमा से सटे गांवों में प्रवास करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। गांव में प्रवास के दौरान मोर्चे के कार्यकर्ता केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से व्यक्तिगत संपर्क करेंगे।
ग्राम प्रधान एवं पंचायत सदस्यों से ग्राम विकास की योजनाओं के बारे में चर्चा कर कितने घरों में शौचालय बने और कितने में अभी बाकी हैं उसका ब्योरा तैयार करें। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अभी तक कितने लोगों को योजना का लाभ मिला और कितने बाकी है। प्रधानमंत्री किसान योजना के तहत कितने किसानों के खाते में पैसा गया, जिनके खाते में पैसा नहीं गया उसकी वजह क्या थी। उज्ज्वला योजना की प्रगति क्या है। गांवों में प्रवास कार्यक्रम उसी का एक हिस्सा है। महिला मोर्चा की महानगर अध्यक्ष कुसुम सिंह पटेल, युवा मोर्चा के सौरभ मिश्रा, अनुसूचित जाति के कार्यकर्ता अनिल सागर, अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ता शकील अहमद, किसान मोर्चा के कार्यकर्ता बबलू सेठ, पिछड़ा मोर्चा के कार्यकर्ता स्वराज यादव, अनुसूचित जनजाति के कार्यकर्ता संजय सोनकर के नेतृत्व में गांवों में प्रवास करेंगे। बैठक में चंद्रशेखर उपाध्याय, डा. संध्या पांडेय, अशोक कुमार पांडेय आदि मौजूद थे।