आजमगढ़ में राज्यमंत्री ने किया आवासीय विद्यालय का निरीक्षण, वार्डेन के खिलाफ एफआइआर का निर्देश
राज्य परामर्शदात्री समिति के अध्यक्ष राज्यमंत्री ठाकुर रघुराज सिंह ने बुधवार को विहान बालक आवासीय विद्यालय हीरापट्टी का निरीक्षण किया।
आजमगढ़, जेएनएन। उप्र भवन एवं सन्ननिर्माण कर्मकार राज्य परामर्शदात्री समिति के अध्यक्ष व राज्यमंत्री ठाकुर रघुराज सिंह ने बुधवार को विहान बालक आवासीय विद्यालय हीरापट्टी का निरीक्षण किया। यहां पर पंजीकृत सौ बच्चों के सापेक्ष मौके पर मात्र 12 बच्चे पाए गए। जांच के दौरान खिड़कियों के दरवाजे गायब, वाटर पंप, वाटर कूलर खराब मिला। वहीं जांच के दौरान परिसर के शौचालयों में दरवाजे तक गायब मिले।
आवासीय परिसर में बच्चों के सोने के लिए बिस्तर का उचित इंतजाम नहीं था। मौके पर बर्तन गंदे मिले तो आलू खराब और सूजी में कीड़े पड़े हुए थे। इसके अलावा पग -पग पर उन्हें कई खामियां मिलीं। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने सभी स्टाफ के निलंबन और वार्डेन के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराने का आदेश उप श्रमायुक्त को दिया।