पूर्व मंत्री पारसनाथ की जयंती समारोह में शामिल हो सकते हैं सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का 12 जनवरी को जिले में दौरा प्रस्तावित है। वह पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व.पारसनाथ यादव की जयंती पर मड़ियाहूं तहसील में निगोह स्थित श्रीराम डिग्री कालेज आदमपुर में आयोजित समारोह में हिस्सा ले सकते हैं।
जौनपुर, जेएनएन। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का 12 जनवरी को जिले में दौरा प्रस्तावित है। वह पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व.पारसनाथ यादव की जयंती पर मड़ियाहूं तहसील में निगोह स्थित श्रीराम डिग्री कालेज आदमपुर में आयोजित समारोह में हिस्सा ले सकते हैं। हालांकि, अभी तक जिला प्रशासन की तरफ से अनुमति नहीं दी गई है। वहीं सपा कार्यकर्ताओं व पारसनाथ के पुत्र मल्हनी विधानसभा क्षेत्र से विधायक लकी यादव ने तैयारी शुरू कर दी है।
सपा के दिग्गज नेता व मल्हनी से विधायक रहे पूर्व मंत्री पारसनाथ यादव का निधन छह जून को हो गया था। इसके बाद हुए उपचुनाव में उनके पुत्र लकी यादव विधायक चुने गए। पारसनाथ यादव को मुलायम सिंह यादव का बेहद करीबी माना जाता रहा। ऐसे में उनकी जयंती समारोह की जब तैयारी हुई तो अखिलेश यादव ने आने की इच्छा जताई। जिस पर सपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर यादव व पुत्र विधायक लकी यादव शनिवार को जिला प्रशासन से मिलकर अनुमति लेना चाहे। इसके बाद अनुमति के लिए सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाओं के लिए इसको एसडीएम मड़ियाहूं को भेज दिया गया है। वहां से अनुमति मिलने के बाद ही सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यक्रम जारी हो जाएगा। सपा के पूर्व जिला प्रवक्ता राहुल त्रिपाठी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन की तैयारी तेजी से चल रही है। केवल प्रशासन से अनुमति मिलने का इंतजार है। फिर इसको ऊपर पार्टी कार्यालय प्रेषित किया जाएगा, जिसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष कार्यक्रम आ जाएगा।
बोले अधिकारी
इस बाबत सिटी मजिस्ट्रेट अनिल अग्निहोत्री ने बताया कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आगमन की अनुमति के लिए सपाजनों का पत्र प्राप्त हुआ था, जिसको अनुमति के लिए एसडीएम मड़ियाहूं को भेजा गया है। अनुमति मिलने के बाद ही प्रोटोकाल आएगा।