सोनिया गांधी सत्ता में आईं तो देश पर विदेशी शासन, बोले- बलिया के विधायक सुरेंद्र सिंह
बैरिया विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ बुधवार को बेतुका बयान देते हुए कहा कि सोनिया गांधी ने योजनाबद्ध तरीके से राजीव गांधी से विवाह किया था। सोनिया गांधी ने योजनाबद्ध तरीके से राजीव गांधी से विवाह किया था।
बलिया, जेएनएन। बैरिया विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ बुधवार को बेतुका बयान देते हुए कहा कि सोनिया गांधी ने योजनाबद्ध तरीके से राजीव गांधी से विवाह किया था। सोनिया गांधी सत्ता में काबिज नहीं हो सकीं अन्यथा देश पर परोक्ष तौर पर विदेशी शासन हो गया होता। अपने विवादित बयानों को लेकर हमेशा सुर्खियों में रहने वाले विधायक सुरेंद्र ने उत्तरा खंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की ओर से सोनिया गांधी व मायावती को भारत रत्न दिए जाने की मांग पर तंज कसा। लखनऊ से दूरभाष पर कहा कि कांग्रेस के किसी भी नेता को सोनिया गांधी के लिए भारत रत्न नहीं मांगना चाहिए। कांग्रेस नेताओं को यह समझना चाहिए कि सोनिया गांधी ने योजनाबद्ध तरीके से राजीव गांधी से विवाह किया था। उन्हें भारत रत्न देना उचित नहीं होगा।
बोले, सोनिया ने सुख और सत्ता के लिए अपना देश छोड़कर भारत में बसी। यह भी कहा कि देश का सौभाग्य रहा कि सोनिया गांधी सत्ता में काबिज नहीं हो सकीं, अन्यथा देश पर परोक्ष तौर पर विदेशी शासन हो गया होता। विधायक ने सोनिया गांधी व बसपा सुप्रीमो मायावती के लिए भारत रत्न मांगे जाने पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि इन दोनों में कौन सी योग्यता है। यदि सोनिया व मायावती को भारत रत्न मिलता है तो फिर राहुल गांधी को क्यों नहीं? ऐसे लोगों के लिए भारत रत्न मांगना पुरस्कार का अपमान है।विधायक ने कहा कि विकसित दलित दलित का और विकसित पिछड़े पिछड़े वर्ग का शोषण करते हैं । विकसित दलितों को आरक्षण का त्याग करते हुए एक बार निर्वाचित होने के बाद सुरक्षित सीट पर चुनाव नहीं लड़ना चाहिए । कहा कि बसपा सुप्रीमो मायावती दलितों की शोषक हैं । वह दलित की नहीं दौलत की बेटी हैं। बोले, सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फार्मूले से ही देश को विकास के पथ पर ले जाया जा सकता है।