शब-ए-बरात आज, इबादत में गुजरेगी रात, आस्तानों और मस्जिदों की आकर्षक सजावट
शहर के विभिन्न इलाकों में शब-ए-बरात शनिवार को अकीदत संग मनाया जाएगा। त्योहार के मद्देनजर शुक्रवार से ही आस्तानों व मस्जिदों की आकर्षक सजावट शुरू हो गई।
वाराणसी, जेएनएन। शहर के विभिन्न इलाकों में शब-ए-बरात शनिवार को अकीदत संग मनाया जाएगा। त्योहार के मद्देनजर शुक्रवार से ही आस्तानों व मस्जिदों की आकर्षक सजावट शुरू हो गई। कब्रगाहों के साथ ही गलियों, मुहल्लों में साफ-सफाई की गई है। वहीं इबादतगाहों-कब्रगाहों के रास्तों की लाइटों को भी ठीक किया गया है। शब-ए-बरात पर देर शाम घरों में जहां फातेहा दिलाई जाती है। वहीं रात में लोग अपने अजीजों की कब्र पर फातेहा पढ़ने पहुंचते हैं। इसके अलावा मस्जिदों-इबादतगाहों में सारी रात नफिल नामज अदा करने का सिलसिला भी जारी रहता है।
उलमा-ए-कराम के मुताबिक जिसने यह रात इबादत में गुजार दी, उसने अपनी आखिरत को संवार लिया। इस रात सलात-ओ-तस्बीह की विशेष नमाज अदा करने का भी महत्व है। यह ऐसी नमाज है, जिसे अपनी पूरी उम्र में एक बार जरूर अदा करनी चाहिए। मौलाना एकरामुद्दीन वासेफुल कादरी ने बच्चों को पटाखे आदि नहीं छोड़ने की हिदायत देते हुए कहा कि कब्रगाहों पर अदब-ओ-एहतराम के साथ बिना शोरशराबे के जाएं और कब्र वालों के लिए दुआ करें। इस दौरान मजारों को विद्युत लाइटों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। साथ ही घरों में भी पर्व को लेकर तैयारी की गई।
कपड़ा मार्केट में जलसा आज : शब-ए-बरात के उपलक्ष्य में नई सड़क स्थित कपड़ा मार्केट में शनिवार रात 9 बजे से जलसे का आयोजन लंगड़े हाफिज मस्जिद के इमाम मौलाना जकीउल्लाह असदुल कादरी की अध्यक्षता में होगा। इसमें उलमा-ए-कराम इस अजीम रात का महत्व बयान करने के साथ ही दीनी तालीम पर भी प्रकाश डालेंगे। यह जानकारी नायब इमाम मौलाना वलीउल्लाह आरिफ कादरी ने शुक्रवार को दी।