मऊ में मुख्तार अंसारी गिरोह के सात लाइसेंसी असलहे निरस्त, फर्जी पता दिखाकर बनवाया था
प्रशासन ने मुख्तार अंसार गिरोह से जुड़े पांच लोगों के सात असलहों के लाइसेंस को निरस्त कर दिया है। मऊ पुलिस की इस कार्रवाई से गिरोह सहित आपराधिक जगत में हड़कंप है।
मऊ, जेएनएन। शासन के आदेश पर जिला प्रशासन ने मुख्तार अंसारी गिरोह के विरुद्ध अभियान छेड़ रखा है। गिरोह के लोगों द्वारा संचालित अवैध बुचडख़ाना, मछली व्यवसाय, अवैध वसूली आदि के विरुद्ध धड़ाधड़ कार्रवाई की गई है। आए दिन पुलिस प्रशासन गिरोह से जुड़े सदस्यों को टारगेट कर रहा है। इसी क्रम में प्रशासन ने मुख्तार अंसार गिरोह से जुड़े पांच लोगों के सात असलहों के लाइसेंस को निरस्त कर दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से गिरोह सहित आपराधिक जगत में हड़कंप मचा है। गिरोह से जुड़े लोग भूमिगत हो गए हैं।
मुख्तार अंसारी के आइएस-191 गिरोह से जुड़े सलीम निवासी दर्जी मोहल्ला वार्ड 12 युसुफपुर थाना मोहम्मदाबाद जनपद गाजीपुर, इसराइल निवासी डोमनपुरा बालापुर थाना मोहम्मदाबाद जिला गाजीपुर एवं अनवर शहजाद निवासी तैयदबाड़ा थाना कोतवाली नगर जनपद गाजीपुर (रिश्ते में मुख्तार अंसारी के साले) द्वारा फर्जी पता दिखाकर अवैध व विधि विरुद्ध तरीके से शस्त्र लाइसेंस व लाइसेंसी शस्त्र प्राप्त किए गए थे। गोपनीय सूचना के आधार जांचोपरांत सभी के विरुद्ध थाना दक्षिणटोला पर एफआइआर पंजीकृत किया गया था। इसमें मुख्तार अंसारी भी सह-अभियुक्त हैं। इन तीनों के शस्त्र निरस्तीकरण की रिपोर्ट जिलाधिकारी को प्रेषित की गई थी। जिलाधिकारी द्वारा तीनों शस्त्र निरस्त कर बुधवार को संबंधित थानाध्यक्ष को शस्त्र जमा करने के लिए आदेशित किया गया है। थाना दक्षिणटोला पर तीनों शस्त्र जमा कराया गया है।
पूर्व प्रधान सहित दो के चार असलहे भी निलंबित
मुख्तार अंसारी गिरोह से जुड़े थाना सरायलखंसी के सरवां निवासी पूर्व प्रधान संजय सागर द्वारा गलत जन्मतिथि दर्शाते हुए दो शस्त्र (पिस्टल व एसबीबीएल) लाइसेंस प्राप्त किया गया था। इसके संबंध में एक जुलाई को एफआइआर दर्ज किया गया तथा थाना सरायलखंसी के रिपोर्ट पर शस्त्र लाइसेंस निलंबित किया गया। संजय सागर के दोनों शस्त्र थाना सरायलखंसी में जमा है। वहीं गिरोह के नजदीकी हाजी मुख्तार निवासी बिचलापुरा सरवां थाना सरायलखंसी के दो पुत्रों मुख्तार खुर्शीद व जावेद के नाम से दो शस्त्र लाइसेंस थाने की रिपोर्ट पर निलंबित किए गए हैं। तीन जुलाई को हाजी मुख्तार के कब्जे से 55 कारतूस 315 बोर बरामद किया गया था।
शूटर की पत्नी का शस्त्र जब्त
कोपागंज पुलिस द्वारा बुधवार की रात मुख्तार के शातिर शूटर हिस्ट्रीशीटर राकेश पांडेय उर्फ हनुमान निवासी लिलारी भरौली की पत्नी सरोजलता पांडेय द्वारा अनुचित लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से अपने पति के विरुद्ध दर्ज अभियोगों-तथ्यों को छिपाकर डीबीबीएल गन का लाइसेंस वर्ष 2005 में प्राप्त कर लिया गया। इस संबंध में अभियुक्ता सरोजलता पांडेय के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर शस्त्र को जब्त करते हुए निरस्तीकरण की रिपोर्ट भेजी जा रही है।
जनपद में लाइसेंसी असलहों के विरुद्ध जांच की जा रही
जनपद में लाइसेंसी असलहों के विरुद्ध जांच की जा रही है। इसमें मुख्तार अंसारी गिरोह से जुड़े लोगों द्वारा फर्जी कागजातों के आधार पर लाइसेंस लिया गया है। जांचोपरांत मामले सामने आने पर कार्रवाई की जा रही है। आगे भी अभियान चलता रहेगा। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे।
- अनुराग आर्य, पुलिस अधीक्षक, मऊ।