संत रविदास जयंती पर सीर गोवर्धन में आस्था की हिलोंरें, गुरु महिमा का कीर्तन कर हुआ बखान
संत रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धन में रविवार सुबह से ही उनकी जयंती उत्सव का उल्लास घुल गया।
वाराणसी, जेएनएन। संत रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धन में रविवार सुबह से ही उनकी जयंती उत्सव का उल्लास घुल गया। गुरु रविदास जन्म स्थान पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट चेयरमैन व डेरा सचखंड बल्ल जालंधर पीठाधीश्वर संत निरंजन दास ने मंदिर के सामने रविदासिया ध्वज फहराया और जयघोष के बीच गुलाब की पंखुड़ियां बरस पड़ीं। भजन-कीर्तन गूंजे और दर्शन-पूजन की कतार का आकार बढ़ता चला गया। इसके साथ सत्संग पंडाल में जुटान हुई और संत निरंजन दास समेत संत-महंत गुरु रविदास के व्यक्तित्व-कृतित्व पर प्रवचन कर रहे हैं।
जन्म स्थली के चार किलोमीटर दायरे में इस ओर से उस छोर तक श्रद्धा और आस्था का सागर सा लहरा रहा है। जयंती उत्सव का शुभारंभ शनिवार शाम संत रविदास पार्क में दीप माला सजाकर किया गया था। रात भर पंडालों से गुरु की महिमा बखानते भजन व जयकारों से चहुंदिशाएं गूंजती रहीं। सुबह हर ओर से प्रभात फेरी की कतार जुड़ी और इसमें स्वर मिलाते संत रविदास पार्क की ओर बढ़ी।
गुरु की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किया और मन के हर भाव उनके चरणों में धर दिया। श्रद्धा भक्ति और आस्था के इस मेले में दोपहर होते होते इतनी भीड़ उमड़ पड़ी है कि सीर गोवर्धन की सड़कें अंड़स सी गई हैं। दूसरी ओर सेवा का पुण्य बटोरने का बेजोड़ भाव भी दिख रहा। पांच हजार से अधिक तो तय सेवादार लेकिन तमाम ऐसे भी हैं जो अघोषित रूप से सफाई, सुरक्षा, रसोई व लंगर की कमान संभाले हुए हैं।
डेरा सच खंड बल्ला जालंधर के पीठाधीश्वर संत निरंजन दास ने सीर गोवर्धन में संत रविदास जयंती पर गुरु की महिमा का बखान किया तो दिन भर भजन कीर्तन कर गुरु को भक्तों ने नमन किया। सुबह से ही मंदिर परिसर में लंगर का दौर चला तो आस्थावानों को प्रसाद भी मंदिर परिसर में वितरित किया गया। वहीं सुबह से ही मंदिर में दर्शन पूजन के लिए वीआइपी और वीवीआइपी के आगमन का दौर चला। वहीं दोपहर में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश प्रकाश ने भी दर्शन पूजन किया।