Move to Jagran APP

Subhash Temple में पूजा और आरती के साथ दी गयी सलामी, वाराणसी के लमही गांव में हुआ आयोजन

आजाद हिंद सरकार की स्थापना दिवस के अवसर पर सुभाष मंदिर में विशाल भारत संस्थान द्वारा विविध आयोजन किया गया। आजाद हिंद बाल बटालियन ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस को सलामी दी सुभाष कथा सुनायी एवं आजाद हिंद सरकार का राष्ट्रगान गाया।

By Saurabh ChakravartyEdited By: Published: Wed, 21 Oct 2020 04:06 PM (IST)Updated: Wed, 21 Oct 2020 04:45 PM (IST)
Subhash Temple में पूजा और आरती के साथ दी गयी सलामी, वाराणसी के लमही गांव में हुआ आयोजन
वाराणसी, सुभाष भवन में आजाद हिंद सरकार की स्थापना दिवस पर पूजा-आरती करते आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार।

वाराणसी, जेएनएन। आजाद हिंद सरकार की स्थापना दिवस के अवसर पर सुभाष मंदिर में विशाल भारत संस्थान द्वारा विविध आयोजन किया गया। आरती एवं सलामी कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार ने सुभाष की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। सुभाष मंदिर की पुजारी खुशी रमन, पंडित अनुज पांडेय एवं पंडित प्रदीप शास्त्री ने वैदिक रीति रिवाजों के द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ भव्य आरती करायी। आजाद हिंद बाल बटालियन ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस को सलामी दी, सुभाष कथा सुनायी एवं आजाद हिंद सरकार का राष्ट्रगान गाया। दुनिया के सभी महापुरूषों में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस को ही रूहानियत, आध्यात्मिक दर्जा प्राप्त है इसलिए दुनिया भर के सुभाषवादी नेताजी सुभाष को परम पावन राष्ट्रदेवता के रूप में पूजते हैं। सुभाष मंदिर प्रतिदिन सुबह शाम पूजा, अर्चना और आरती की जाती है। प्रत्येक भारतीयों का यह मानना है कि यदि सुभाष होते तो देश नहीं बंटता।

loksabha election banner

इंद्रेश नगर के सुभाष भवन में आजाद हिंद सरकार : योगदान, नीतियां एवं कार्य विषयक वैचारिक राष्ट्र विमर्श का आयोजन किया गया, जिसमें सुभाषवादी विचारकों, इतिहासकारों और समाज चिन्तकों ने आजाद हिन्द सरकार की 77वीं वर्षगांठ पर चर्चा की।

द्वितीय विश्व युद्ध में फंसे अंग्रेजों के लिए सबसे कठिन चुनौती नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने खड़ी की। पूरी दुनियां को अंग्रेजी हुकुमत के अत्याचार से परिचित कराया और भारत की आजादी की अनिवार्यता का प्रचार किया। 21 अक्टूबर 1943 को सिंगापुर में अस्थायी आजाद हिंद सरकार की स्थापना की। इस सरकार के मंत्रीमण्डल में प्रधानमंत्री, कार्यकारी प्रमुख युद्धमंत्री और सर्वोच्च सेनापति नेताजी सुभाष चन्द्र बोस थे। बाल कल्याण मंत्री डाक्‍टर लक्ष्मी स्वामीनाथन, प्रचारमंत्री एसए अय्यर, वित्तमंत्री एसी चटर्जी, कानूनी परामर्षदाता करीम गनी थे। अस्थायी आजाद हिंद सरकार को विश्व के 9 देशों जापान, बर्मा, क्रोशिया, जर्मनी, राष्ट्रवादी चीन, मंचूको, इटली, थाइलैंड और फिलीपिन्स ने मान्यता प्रदान की थी। 30 लाख प्रवासी भारतीयों ने आजाद हिंद सरकार के कोष के लिये अपनी सम्पत्ति दान कर दी। जिससे अंग्रेजी हुकूमत को बड़ी चुनौती मिली और देश को आजाद करना पड़ा, लेकिन अपने निहित स्वार्थ में सत्ता के लालच में नेहरू और जिन्ना ने देश को बांट दिया और 40 लाख से ज्यादा लोग मारे गये और बेघर हो गये।

इस अवसर पर संगोष्ठी में सुभाषवादी विचारक तपन कुमार घोष ने कहा कि आजाद हिंद सरकार ने सिर्फ अखंड भारत की आजादी का मार्ग प्रशस्त नहीं किया बल्कि आजादी के बाद की भारत के विकास की योजनाओं का खांका भी खींचा। पंचवर्षीय योजना से लेकर राष्ट्रभाषा हिंदी ही हो ऐसी योजना सुभाष सरकार की ही थी। जय हिंद का अभिवादन देकर देश को हिंदू-मुसलमान के भेद से ऊपर उठाया और एक करने का दर्शन दिया। सूत्र वाक्य एकता, विश्वास, त्याग ने नागरिकों को देश के साथ जीने का मंत्र दिया। आजाद हिन्द सरकार ने ही देश को आजाद कराया और सुभाषवाद ने राष्ट्रभक्ति का दर्शन दिया। इतिहासकारों ने एक परिवार के इतिहास के लिए सुभाष के इतिहास के साथ अन्याय किया। इतने वर्षों के बाद भी प्रत्येक भारतीयों के मन मस्तिष्क में सुभाष के नारे गूंज रहे हैं।

सुभाष का दर्शन अखंड भारत का था

मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार ने कहा कि सुभाष का दर्शन अखंड भारत का था। सुभाष को पता था कि अंग्रेज जाते समय देश का विभाजन कर सकते हैं, इसके लिए उन्होंने गांधी को चेताया भी था। लेकिन अंग्रेजों की कूटनीति का जवाब देने वाले सुभाष की अनुपस्थिति ने विभाजन का माहौल बना दिया और उस समय कोई ऐसा नेता नहीं था जिस पर हिंदू और मुसलमान एक समान भरोसा करें, सिवाय सुभाष के। आजाद हिन्द सरकार का योगदान हजारों सालों तक गुलाम देशों की आजादी के लिये प्रेरणा बनता रहेगा। सुभाष की वजह से भारत का गौरवपूर्ण इतिहास बना, लेकिन इतिहासकारों ने सुभाष के साथ न्याय नहीं किया। सुभाष होते तो देश विभाजन का दर्द नहीं झेलता।

सुभाष चंद्र बोस के इतिहास को मिटाने का प्रयास किया गया

संगोष्ठी में विशाल भारत संस्थान के अध्यक्ष इतिहासकार डाक्‍टर राजीव श्रीवास्तव ने कहा कि ‘हर सुभाषवादी अखंड भारत की आजादी चाहता था। विभाजन तो किसी ने सपने में नहीं सोचा था। लाखों लोगों की लाश पर नेहरू और जिन्ना को सत्ता मिली। आजादी की खुशी मनाने के लिए दो महान सेनानी गांधी और सुभाष शामिल नहीं हुये। गांधी नोआखाली में दंगा शांत कराने चले गये और सुभाष का पता नहीं चला। नेहरू परिवार के इतिहास को संरक्षित करने और देश की आजादी में बड़ी भूमिका बताने के लिये सुभाष चंद्र बोस के इतिहास को मिटाने का प्रयास किया गया। सुभाषवाद के प्रचार से ही राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सम्प्रभुता सुरक्षित रह सकती है। संयुक्त परिवार चल सकते हैं समाज में एकरूपता आ सकती है।’

सुभाष की उपेक्षा राष्ट्रवाद की उपेक्षा

संगोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए श्रीराम आस्थावादी चिंतक चट्टो बाबा ने कहा कि इतिहास ने सुभाष की उपेक्षा की है और सुभाष की उपेक्षा राष्ट्रवाद की उपेक्षा है क्योंकि जिनके नेतृत्व में आजादी मिली उनको राष्ट्रवाद और आस्थावाद से खतरा महसूस हुआ इसलिये उन्होंने सेकूलर भारत बनाया जिसका खामियाजा हम आज भुगत रहे हैं। सुभाष के दर्शन में राम राष्ट्र और रोटी तीनों की अभिव्यक्ति थी और यही अभिव्यक्ति भारत की सम्पूर्ण व्याख्या है। संगोष्ठी का संचालन अर्चना भारतवंशी ने किया और धन्यवाद मोहम्‍मद अजहरूद्दीन ने दिया।

इस कार्यक्रम में पं ऋषि द्विवेदी, आत्म प्रकाश सिंह, रमेश शर्मा, आनन्द मिश्रा, अभिजीत बिसेन, प्रो एसपी सिंह, डाक्‍टर निरंजन श्रीवास्तव, नाजनीन अंसारी, नजमा परवीन, डाक्‍टर मृदुला जायसवाल, सुनीता श्रीवास्तव, मोहम्‍मद अजहरूद्दीन, धनंजय यादव, उजाला, शालिनी, दक्षिता भारतवंशी, रोजा, तबरेज, राशिद आदि लोगों ने भाग लिया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.