मीरजापुर में निर्माणाधीन मकान का छत गिरा, मां और पुत्र मलबे में दबने से हुए घायल
निर्माणाधीन एक मकान का छत रविवार की शाम भरभरा कर गिर गया। जिससे कमरे में मौजूद मां और दस वर्षीय पुत्र मलबे में दब गए। स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे हुए मां और बेटे को बाहर निकाला गया। जिनका निजी चिकित्सालय में इलाज चल रहा है।
मीरजापुर, जेएनएन। अहरौरा स्थानीय थाना क्षेत्र के तकिया बाजार में स्थित निर्माणाधीन एक मकान का छत रविवार की शाम भरभरा कर गिर गया। जिससे कमरे में मौजूद मां और दस वर्षीय पुत्र मलबे में दब गए। स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे हुए मां और बेटे को बाहर निकाला गया। जिनका निजी चिकित्सालय में इलाज चल रहा है।
नगर के तकिया बाजार में राजू जायसवल के पुराने मकान में निर्माण कार्य चल रहा था। रविवार की शाम चार बजे मकान के उपरी मंजिल के कमरे में शिप्रा जायसवाल (35) अपने दस वर्षीय पुत्र आरव को पढ़ा रही थी कि तभी इसी दौरान कमरे के छत का पूरा हिस्सा भरभरा कर गिर गया। हादसे के दौरान दोनों मलबे में दब गए। इस दौरान कमरे में रखा हुआ लाखों रुपए का घरेलू सामान भी नष्ट हो गया।
सूचना पाकर नगर चौकी प्रभारी राजेश सिंह मौके पर पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला ने छत गिरने के दौरान कंबल को अपने ऊपर ढक लिया जिससे उसकी स्थिति खतरे से बाहर है। मकान का छत गिरने के दौरान सैकड़ों लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।