वाराणसी में आज देव दीपावली पर गंगा मां पहनेंगी सतरंगी गहना
देश की सांस्कृति राजधानी काशी के इस लोकोत्सव में शामिल होने के लिए देश-विदेश से लाखों सैलानियों की जुटान काशी में हो चुकी है। जिनका आज हुजूम दोपहर के साथ ही गंगा की तरफ बढऩे लगेगा।
वाराणसी (जेएनएन)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में आज केंद्रीय मंत्रियों के साथ राज्यपाल राम नाईक व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा दीपों का सतरंगी गहना धारण करेंगी। देश-दुनिया में विख्यात हो चुके पर्व देव दीपावली के भव्य आयोजन में गंगा के सभी घाटों, देवालय, कुंड-सरोवर और नगर के विभिन्न स्थलों पर दीप सजेंगे।
देश की सांस्कृति राजधानी काशी के इस लोकोत्सव में शामिल होने के लिए देश-विदेश से लाखों सैलानियों की जुटान काशी में हो चुकी है। जिनका आज हुजूम दोपहर के साथ ही गंगा की तरफ बढऩे लगेगा। शहर के सभी होटल, लॉज, धर्मशालाएं सैलानियों से पट गए हैं। यहां नगर में निवास करने वाले कई लोगों के यहां परिचितों व रिश्तेदारों की जुटान हो चुकी है। नाव, बजड़े आदि सभी महीनों पहले से बुक किए जा चुके हैं।
देव दीपावली में शामिल होने वाले अतिविशिष्ट लोगों में राज्यपाल राम नाईक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के साथ उत्तर प्रदेश की पर्यटन मंत्री डॉ. रीता बहुगुणा जोशी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्र नाथ पांडेय, फिल्म स्टार अनिल कपूर आदि प्रमुख हैं।
सुबह से ही गंगा में कार्तिक पूर्णिमा का स्नान करने वालों की भीड़ उमड़ी हुई है। इसके लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था घाटों पर पुलिस के साथ ही आयोजन समिति की ओर से भी की गई है। ड्रोन कैमरे की निगरानी के साथ सीसीटीवी कैमरे से पैनी नजर रखी जाएगी। राजघाट पर मुख्यमंत्री के समक्ष लेजर शो का ट्रायल किया जाएगा। वहीं दशाश्वमेध घाट, तुलसी घाट, अस्सी घाट, अहिल्याबाई घाट, राजा घाट, केदार घाट, पंच गंगा घाट, राम घाट आदि जगहों पर दीप प्रज्ज्वलन, गंगा आरती के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा।