सियासत : फिर सपा का झंडा लहराएंगे रमाकांत यादव, छह को लखनऊ में ग्रहण करेंगे सदस्यता
रमाकांत यादव स्वयं एलान कर एक बार फिर सपा में जा रहे हैं। वह छह अक्टूबर को लखनऊ में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के समक्ष पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे।
आजमगढ़, जेएनएन। पूर्वांचल के बाहुबली नेता रमाकांत यादव स्वयं एलान कर एक बार फिर सपा में जा रहे हैं। वह छह अक्टूबर को लखनऊ में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के समक्ष पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे। पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें टिकट नहीं दिया था जबकि इससे पूर्व 2014 के चुनाव में उन्होंने यहां से सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव का मुकाबला किया था। अभी चुनावी माहौल भले न हो पर विशेषज्ञ नफा-नुकसान के आकलन में जुट गए हैं।
जिले की फूलपुर विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक और आजमगढ़ संसदीय सीट से चार बार सांसद रह चुके रमाकांत यादव अब तक कांग्रेस, बसपा, जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी और भाजपा में अपनी उपस्थिति दर्ज करा चुके हैं। अब वह सपा में फिर शामिल हुए तों 17वीं लोकसभा के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर भदोही से चुनाव लडऩे के बाद यह उनका सातवां राजनीतिक पड़ाव होगा।