बढ़ा पारा तो मौसम ने भी ली करवट, देर रात से रह रहकर हो रही बरसात, गलन बढ़ी
बढ़ते तापमान के बीच रविवार की रात को मौसम ने भी करवट ले ली। काशी सहित पूर्वांचल के कई हिस्सों में हल्की व कहीं भारी बारिश हुई। कई क्षेत्रों में ओले भी पड़े।
वाराणसी, जेएनएन। बढ़ते तापमान के बीच रविवार की रात को मौसम ने भी करवट ले ली। काशी सहित पूर्वांचल के कई हिस्सों में हल्की व कहीं भारी बारिश हुई। कई क्षेत्रों में ओले भी पड़े। कृषि वैज्ञानिकों का कहना है कि बारिश व ओले पडऩे से आलू एवं सरसों की फसल को नुकसान पहुंचेगा। हालांकि गेहूं की फसल को यह बारिश लाभ पहुंचाएगी। बशर्ते की कई दिनों तक बादल की स्थिति नहीं बने।
कई दिनों से अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी हो रही थी। मौसम विज्ञानी प्रो. एसएन पांडेय ने बताया कि न्यूनतम तापमान एवं आद्र्रता बढ़ ने से बारिश के आसार बढ़ जाते हैं। ठंडी के मौसम में जब पुरवा हवा चलती है तो यह संभावना और बढ़ जाती है। रविवार को अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया था। इसके कारण दोपहर में लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली थी। हालांकि हवा तेज होने के कारण धूप से इतर गलन थी। शाम के बाद बादल का असर बढऩे लगा। इसके बाद कई स्थानों बूंदाबांदी तो कही बारिश भी हुई। कृषि विज्ञान संस्थान, बीएचयू के प्रो. रमेश चंद ने बताया कि बारिश और बादल से आलू एवं सरसों की फसल को नुकसान होगा। हालांकि गेहूं को फायदा होगा। किसानों को सिंचाई के खर्च की बचत होगी।
कुछ ऐसा रहा है तापमान
दिन | अधिकतम | न्यूनतम |
रविवार | 25.2 | 10.6 |
शनिवार | 24.0 | 9.5 |
शुक्रवार | 23.2 | 9.5 |
गुरुवार | 23.2 | 7.7 |
बुधवार | 22.5 | 8.1 |
मंगलवार | 22.5 | 6.8 |
सोमवार | 22.0 | 7.1 |
रविवार | 21.1 | 5.7 |