Bhadohi जिले में शेल्टर हाउस के दरवाजे की कुंडी तोड़ क्वारंटीन युवक फरार, प्रशासन में खलबली
भदोही जिले के विभूति नारायण राजकीय इंटर कालेज के सामने स्थित शेल्टर हाउस में क्वारंटीन में रखा गया युवक प्रथम तल पर लगे दरवाजे को तोड़ फरार हो गया।
भदोही, जेएनएन। विभूति नारायण राजकीय इंटर कालेज के सामने स्थित शेल्टर हाउस में क्वारंटीन में रखा गया युवक प्रथम तल पर लगे दरवाजे को तोड़ फरार हो गया। मामले की जानकारी होते ही प्रशासनिक अधिकारियों में हलचल बढ़ गई। सक्रिय हुए अधिकारियों की टीम ने शेल्टर हाउस पहुंचकर जानकारी ली। इस मामले में लापरवाही करने वाले कर्मियों पर कार्रवाई करने की तैयारी की जा रही है।
लॉकडाउन में अन्य प्रांतों से आए 300 से अधिक लोगों को अलग-अलग स्थानों पर क्वारंटीन किया गया है। ज्ञानपुर नगर स्थित शेल्टर हाउस में भी कुल 69 लोगों को क्वारंटीन पर रखा गया था। 14 दिन क्वारंटीन पूरा होने पर जनपद के लोगों को घर जाने की इजाजत दे दी गई थी। इसके बाद से ही अन्य प्रांतों के रहने वाले लोग परेशान हैं। उनका कहना है कि जब जनपद के लोगों को छोड़ दिया गया तो उन्हें अपने प्रदेश जाने की इजाजत दी जाए। पिछले दिनों जवाहर नवोदय विद्यालय से 17 लोग फरार हो गए थे। उन्हें जंगीगंज से दबोच लिया गया था। गुरुवार की रात बिहार का दिनेश यादव प्रथम तल पर लगे दरवाजे को तोड़कर फरार हो गया। ग्राउंड फ्लोर पर रह रहे सुरक्षा और अन्य कर्मियों की इसकी भनक भी नहीं लग पाई। मामले की जानकारी होते ही तहसीलदार देवेंद्र यादव भी मौके पर पहुंच गए। इस मामले में अन्य लोगों से बातचीत की लेकिन उनका पता नहीं चला। क्वारंटीन में रखे गए युवक को फरार होन के बाद अन्य शेल्टर हाउस की सुरक्षा कड़ी कर दी गई।
322 में से 321 की रिपोर्ट निगेटिव
संदिग्धों के स्वैब सैंपलिंग लेकर जांच की कवायद भी तेज कर दी गई। गुरुवार तक 405 संदिग्धों का स्वैब सैंपङ्क्षलग लिया गया है, जिसमें आई 322 लोगों की रिपोर्ट में 321 में कोरोना संक्रमण का लक्षण नहीं मिला जबकि भदोही स्थित शेल्टर होम में क्वांरटाइन पर रखे गए लोगों में एक युवक की रिपोर्ट पॉजीटिव आने पर मंडलीय अस्पताल मीरजापुर के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है।
शासन के निर्देश पर शेल्टर होम में क्वारंटाइन पर रखे गए कोरोना लक्षण वाले मरीजों की स्वैब सैंपङ्क्षलग कर जांच चल रहा था। रैंडम जांच की निर्देश आया। रोज 25 लोगों का जांच किए जाने का लक्ष्य तय किया गया। पहले दिन के भेजे गए सैंपल में से 10 अप्रैल को एक युवक कोरोना पॉजीटिव पाया गया। जिससे स्वास्थ्य विभाग में हलचल मच गई। इससे शेल्टर होम के आस-पास का एक किमी का दायरा सील कर हॉट स्पाट जोन घोषित कर सैंपलिंग की प्रक्रिया तेज कर दी गई। निर्धारित लक्ष्य के मुताबिक शुक्रवार को भी 25 लोगों की सैंपलिंग जांच के लिए बीएचयू भेजा गया।