चंदौली में मनमाना किराया को लेकर ग्रामीण हुए लामबंद, नौगढ़- सोनभद्र मार्ग पर किया चक्काजाम Chandauli news
मनमाना किराया वसूलने व मारपीट से क्षुब्ध नौगढ़ के ग्रामीण शुक्रवार की सुबह लामबंद हो गए।
चंदौली, जेएनएन। मनमाना किराया वसूलने व मारपीट से क्षुब्ध नौगढ़ के ग्रामीण शुक्रवार की सुबह लामबंद हो गए। बड़ी संख्या में महिला-पुरुष थाना के झुमरिया गांव के पास नौगढ़- सोनभद्र मार्ग पर पहुंच गए और चक्काजाम कर दिया। विरोध के दौरान आवागमन ठप हो गया। जानकारी होने पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। सीओ जगतराम कनौजिया, एसओ नौगढ़ व दल-बल के साथ पहुंच गए। पुलिस को देख आक्रोशित लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी। जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर अड़े गए। सीओ ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत करा जाम समाप्त कराया।
विरोध कर रहे आक्रोशित लोगों ने कहा कि उक्त मार्ग पर रोडवेज की बसें नहीं चलाई जाती हैं। जबकि इस रूट पर 12 निजी बसें चलती हैं। निजी यात्री बस व अन्य वाहनों के परिचालक मनमाना किराया वसूलते हैं। विरोध करने पर मारपीट पर आमादा हो जाते हैं। काम के लिए बराबर मजदूरों का सोनभद्र आना-जाना लगा रहता है। गुरुवार की सुबह सेमरा, देवखत, मलेवर, अमृतपुर, अमदहा चरनपुर, विनायकपुर, बाघी, रिठिया, डुमरिया, बटौआ, डुमरिया, मरवटिया, बोदलपुर, नोनवट आदि गांवों से दर्जनों की संख्या में मजदूर मौजूदा समय में मिर्चा की तोड़ाई को ट्रैक्टर से गए थे।
आरोप है कि मझगावां पुलिया पर शाम को मजदूर ट्रैक्टर का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच एक बस आकर वहां रुकी। चालक और परिचालक ने मजदूरों को वाहन में बैठने के लिए कहा। इन्कार करने पर उन्होंने मजदूरों को मारापीटा और गाली-गलौच की। बताया कि कई बार शिकायत करने के बाद भी प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया। जाम के चलते दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। विद्यालय जाने वाले शिक्षक और छात्रों को को भी परेशानी हुई। दो घंटे बाद जाम समाप्त होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग शामिल थे।